केरल में रविवार सुबह कोच्चि एयरपोर्ट के पास एक 19 वर्षीय युवक ने अपनी मिनी कूपर कार से एक स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार से थी कि स्कूटर सवार तीन लोगों की मौत हो गई है। तीनों दोस्त तड़के सुबह चाय पीने निकले थे।
मरने वाले एक पुरुष और दो महिलाएँ शामिल हैं, इनकी उम्र 21 साल बताई गई और वे एयरपोर्ट के पास एक शोरूम में पार्ट-टाइम सेल्सपर्सन के तौर पर काम करते थे।
शराब के नशे में था युवक
इस घटना से काफी गुस्सा फैल गया, खासकर इसलिए क्योंकि आरोपी ड्राइवर कथित तौर पर शराब के नशे में था। चश्मदीदों से उसने यह भी कहा कि “उसका बाप इस मामले को संभाल लेंगे।
आरोपी का नाम सुहैल सजीव है, वह अभी केरल के एक कॉलेज में पढ़ता है, उस पर गैर-जमानती अपराध ‘गैर-इरादतन हत्या’ (भारतीय न्याय संहिता की धारा 105) के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे गिरफ़्तार कर लिया गया।
सजीव की माँ कोच्चि और अलाप्पुझा में एक मशहूर डिजाइन स्टूडियो और ब्रांड चलाती हैं। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में बताया था कि वह अपने बेटे को जन्मदिन के तोहफे के तौर पर मिनी कूपर दे रही हैं। रविवार की घटना के बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया है।
कोच्चि एयरपोर्ट पुलिस के मुताबिक, मरने वालों की पहचान कर्नाटक के सुलिया के रहने वाले इयास, वायनाड की देविका और पलक्कड़ की गोपिका के तौर पर हुई है।
पुलिस ने बताया कि ये तीनों चाय पीने के ब्रेक के बाद लौट रहे थे; इयास स्कूटर चला रहा था और दोनों महिलाएँ पीछे बैठी थीं। ये तीनों थ्रिक्काकारा के एक कॉलेज में छात्र थे। पुलिस ने बताया कि कार की टक्कर पीछे से लगने के बाद वे स्कूटर से गिर गए।
गाड़ी तेज चलाने का पुराना रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक, सजीव का तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने का पुराना रिकॉर्ड रहा है। एक घटना में उसे 218 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए पकड़ा गया था और उसने अपने बिजनेसमैन पिता के रसूख का जिक्र करके भागने की कोशिश की थी।
रविवार को हुए हादसे के समय, वह कथित तौर पर 125 किमी प्रति घंटे की गति से कार चला रहा था। मौके पर मदद के लिए पहुँचे स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि सजीव ने उनसे पूछा, “यह एयरपोर्ट रोड है, तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने में क्या बुराई है?” उसने कहा, “मेरे पिता इस मामले को संभाल लेंगे।”
मदद के लिए पहुँचे लोगों ने उसे काबू में किया और पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में पुलिस ने पुष्टि की कि सजीव शराब के नशे में था।
मृतक तीनों युवाओं को श्रद्धांजलि देने के बाद, कांग्रेस की थ्रिक्काकारा विधायक उमा थॉमस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा, “मैं मृतकों के परिवारों को न्याय दिलाऊँगी।”
बार के लाइसेंस रद्द
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने शनिवार रात तीन शराब बार से शराब पी थी। राज्य में शराब खरीदने की न्यूनतम उम्र 23 साल है, इसलिए राज्य के आबकारी मंत्री एम. लिजू ने संबंधित बार के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया।
संजीव ने इंस्टाग्राम पर कई रील्स शेयर की थीं, जिनमें तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने के प्रति उसका शौक दिखता था। कई मामलों में, वह कथित तौर पर 200 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से गाड़ी चला रहा था।
यह भी पढ़ें: केरलम में कांग्रेस और सीपीएम कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, पूर्व विधायक के खिलाफ मामला दर्ज
केरलम में पतनमथिट्टा जिले के अदूर में कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के युवा कार्यकर्ताओं के बीच कई जगह झड़पें हुईं। इसके बाद पुलिस ने पलक्कड़ के पूर्व विधायक राहुल ममकूटाथिल समेत कई लोगों के खिलाफ तीन मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने बताया कि केरल छात्र संघ (केएसयू), युवा कांग्रेस, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) और डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ तीन मामले दर्ज किए गए हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
