दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में इस सीजन में लू से पीड़ित पहले मरीज को भर्ती किया गया। अस्पताल ने बताया कि मरीज को देर रात उल्टी, दस्त, बेहोशी और अत्यधिक तापमान जैसे लक्षणों के साथ भर्ती कराया गया। मरीज फिलहाल आईसीयू में वेंटिलेटर पर है। इस बीच एम्स दिल्ली के चिकित्सा विभाग में प्रोफेसर ने इस गर्म मौसम में अपना खानपान क्या रखना चाहिए यह बताया है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि गर्मी में शराब पीनी चाहिए या नहीं।

दिल्ली एम्स के चिकित्सा विभाग में अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ नीरज निश्चल ने कहा, “जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती है, शरीर में पसीना निकलने की प्रक्रिया तेज हो जाती है। इससे डिहाइड्रेशन होता है। सबसे जरूरी बात यह है कि पसीने के साथ-साथ हमारे इलेक्ट्रोलाइट्स, विशेष रूप से सोडियम भी कम होने लगते हैं। इसके लिए चाहे आप नींबू पानी, नारियल पानी या ओआरएस पिएं। पानी के साथ-साथ इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति का विशेष ध्यान रखना चाहिए।”

शराब से परहेज करना चाहिए

प्रोफेसर ने आगे कहा, शराब से पूरी तरह परहेज करना चाहिए। अगर कोई कहता है कि ठंडी बीयर पीने से गर्मी से राहत मिल सकती है तो मैं कहूंगा कि वे गलत हैं। अगर हम फिर भी ध्यान नहीं देते हैं तो कई अंग, खासतौर पर किडनी और दिल काम करना बंद कर देते हैं। अगर आप ध्यान नहीं देते हैं तो यह घातक साबित हो सकता है। जब भी आप धूप में बाहर निकलें, छाता और टोपी का इस्तेमाल करें ताकि सीधी धूप से होने वाली किसी भी समस्या से बचा जा सके।”

दिल्ली में लू का ‘ऑरेंज अलर्ट’

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिल्ली में कई दिनों से लू चलने के बीच गुरुवार को मई महीने की सबसे गर्म रात दर्ज की गई, इस दौरान न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए भीषण लू की आशंका जताई है। इस दौरान दिन में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है।

डॉक्टरों ने की गर्मी में सावधानी बरतने की अपील

वहीं, राममनोहर लोहिया अस्पताल के मेडिसिन विभाग के निदेशक डॉ अजय चौहान ने लोगों से मौजूदा भीषण गर्मी के बीच सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, नमक युक्त तरल पदार्थों का सेवन करने, धूप से बचने और बाहर काम करने की स्थिति में छायादार स्थानों का आश्रय लेने की सलाह दी।

डॉ चौहान ने कहा, ”लू केवल मौसम की असुविधाजनक स्थिति नहीं है अगर इसे नजरअंदाज किया जाए तो यह जानलेवा भी हो सकती है। अत्यधिक गर्मी में लंबे समय तक बाहर रहने से डिहाइड्रेशन, थकान, लू, दिल और सांस संबंधी बीमारियों के साथ गंभीर मामलों में ऑर्गन फेल्योर भी हो सकता है।” उन्होंने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों, बाहर काम करने वालों और पुराने रोगों से ग्रस्त लोगों के उसकी चपेट में आने की आशंका है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय बाहर नहीं जाना चाहिए, नमक एवं इलेक्ट्रोलाइट वाला पानी पीना चाहिए, हल्के सूती कपड़े पहनना चाहिए, ताजे फल खाना चाहिए और तरल पदार्थ लेते रहना चाहिए।

प्रोफेसर ने कहा, ”चक्कर आना, अत्यधिक पसीना आना, दिल की धड़कन तेज होना, मांसपेशियों में ऐंठन या बेहोशी जैसे चेतावनी संकेतों को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इनके लिए तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता होती है। गर्मी से संबंधित बीमारियों से बचाव का सबसे अच्छा तरीका निवारक देखभाल और जागरूकता है।”

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों के लिए लू की चेतावनी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भीषण तापमान की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान विभाग ने 20 मई को जारी अपनी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इस सप्ताह के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तथा अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वी भारत में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें