IAF Chief on F-35 Deal: भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने अमेरिका के F-35 फाइटर जेट प्रोग्राम पर खुलकर निशाना साधा है। उन्होंने एक अमेरिकी कमांडर के सामने दोटूक कहा कि अमेरिकी कर्मी भारतीय अधिकारियों को इस स्टील्थ जेट के पास भी नहीं आने देते हैं।

वायुसेना प्रमुख की यह टिप्पणी जोधपुर में आयोजित बहुराष्ट्रीय वायु अभ्यास ‘तरंग शक्ति-2026’ के समापन समारोह के दौरान सामने आई। इस दौरान उनके साथ अमेरिकी पैसिफिक एयर फोर्सेज के कमांडर जनरल केविन श्नाइडर भी मंच पर मौजूद थे।

F-35 विमान खरीदने का क्या अमेरिका ने दिया प्रस्ताव

इस दौरान जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या अमेरिका ने भारत को पांचवीं पीढ़ी के F-35 फाइटर जेट बेचने का कोई आधिकारिक प्रस्ताव दिया है, तो एयर चीफ मार्शल सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा, ” आपके लोग तो हमें विमान के पास नहीं जाने देते और आप इसे बेचने की बात कर रहे हैं।” हालांकि, उन्होंने यह भी कहा, “अमेरिका ने हमें कॉकपिट तो नहीं दिखाया, लेकिन फॉर्मेशन में साथ उड़ान भरने की अनुमति जरूर दी।”

अमेरिकी कमांडर की सफाई और रूस का Su-57 ऑफर

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी कमांडर जनरल श्नाइडर ने स्पष्ट किया कि F-35 से जुड़ी जानकारी साझा करने के फैसले उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आते हैं, क्योंकि इसके लिए कड़े सुरक्षा वर्गीकरण दिशानिर्देश तय होते हैं।

दूसरी ओर, वायुसेना प्रमुख ने इस बात की पुष्टि की है कि रूस ने भारत को अपने पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान ‘सुखोई Su-57’ (Su-57) का प्रस्ताव दिया है, हालांकि इस पर अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

चीन की बढ़ती ताकत और भारत की चिंताएं

भारत ऐसे समय में पांचवीं पीढ़ी के किसी अंतरिम विकल्प की तलाश कर रहा है, जब उसका अपना स्वदेशी ‘एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट’ (AMCA) प्रोजेक्ट अभी शुरुआती दौर में है। पड़ोसी देश चीन अपने J-20 और J-35 जैसे उन्नत स्टील्थ विमानों के बेड़े का तेजी से विस्तार कर रहा है।

इसके अलावा, चीन द्वारा पाकिस्तान को भी 40 J-35 फाइटर जेट दिए जाने की संभावना है। ऐसे में भारत के लिए इस सामरिक चुनौती से निपटने और अपनी पश्चिमी सीमा पर सुरक्षा मजबूत करने के लिए मजबूत तकनीकी विकल्पों पर विचार करना बेहद जरूरी हो गया है।

5TH जेन फाइटर जेट की खासियतें क्या?

विशेषज्ञों के अनुसार पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान अपनी बेजोड़ खूबियों के कारण खास माने जाते हैं। इनमें ‘स्टील्थ’ तकनीक शामिल होती है, जिसके तहत विमान की खास बनावट और कोटिंग इसे दुश्मन के रडार की पकड़ से दूर रखती है।

इसके अलावा, इनमें अत्याधुनिक सेंसर और ‘स्मार्ट ब्रेन’ एवियोनिक्स होते हैं, जो पायलट को युद्ध क्षेत्र की पल-पल की लाइव और स्पष्ट तस्वीर प्रदान करते हैं, जिससे वे बिना भटके अपने मिशन पर पूरा ध्यान केंद्रित कर पाते हैं।

यह भी पढ़ें: 300 सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल के साथ आएंगे कनाडा के दो मंत्री आएंगे भारत, PM मार्क कार्नी को गणतंत्र दिवस न्योते की चर्चा तेज

कनाडा सरकार अगले हफ्ते दो वरिष्ठ मंत्रियों को भारत भेज रही है। ऐसा इस वजह से क्योंकि दिसंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भारत यात्रा की तैयारी की जा सके और व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया जा सके। साथ ही, दिल्ली 2027 में गणतंत्र दिवस समारोह के लिए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी को मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाने पर भी विचार कर रही है। पढ़िए पूरी खबर…