West Bengal News: आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर ने शुक्रवार को मुर्शिदाबाद जिले में भारतीय जनता पार्टी कार्यकताओं की पिटाई करने की धमकी देकर विवाद खड़ा कर दिया। मुर्शिदाबाद के रेजीनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए हुमायूं कबीर ने कहा, “मैंने (मुख्यमंत्री) शुभेंदु अधिकारी से कहा, यह अच्छी बात है कि आप जीते और बीजेपी जीती। लेकिन अपनी पार्टी से कहें कि मुर्शिदाबाद में बहुत ज्यादा शेखी न बघारे।”

कबीर ने धमकी देते हुए कहा, “अगर वे (बीजेपी कार्यकर्ता) हद पार करते हैं, तो मुश्किल होगी। लाखों लोग सड़कों पर उतरेंगे और मैं समुदाय का नेतृत्व करूंगा। हम उनकी पिटाई करेंगे। यहां बीजेपी का झंडा उठाने वाला कोई नहीं बचेगा। बीजेपी के जिला अध्यक्ष भी गायब हो जाएंगे।”

बंगाल में सरकार बदल गई है- दिलीप घोष

उनके बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए बंगाल के पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने कहा, “एक समय ममता बनर्जी और उनके भतीजे भी ऐसे बयान देते थे। अब उनकी हालत देखिए। वह यह सब कहकर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन किसी को यह नहीं भूलना चाहिए कि बंगाल में सरकार बदल गई है।”

कबीर को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए- सीपीआईएम नेता

सीपीआईएम नेता शतरूप घोष ने भी कबीर की टिप्पणियों की निंदा की। उन्होंने कहा, “कबीर को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने 2024 में भी विवादास्पद टिप्पणियां की थीं, जब टीएमसी सत्ता में थी। लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया था। ऐसी सांप्रदायिक और विवादास्पद टिप्पणियों के बाद, हम चाहते हैं कि उन्हें गिरफ्तार किया जाए। अगर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाता है, तो यह साबित हो जाएगा कि उनका बीजेपी से संबंध है।”

कबीर को पिछले साल टीएमसी से निकाल दिया गया था, जब उन्होंने मुस्लिम-बहुल मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद की प्रतिकृति बनाने की योजना की घोषणा की थी। बाद में उन्होंने एजेयूपी का गठन किया और बंगाल चुनाव लड़ने के लिए ओवैसी की पार्टी के साथ गठबंधन की घोषणा की। हालांकि, यह गठबंधन तब टूट गया जब आरोप लगा कि कबीर ने तत्कालीन सत्ताधारी टीएमसी की चुनावी संभावनाओं को नुकसान पहुंचाने के लिए बीजेपी से पैसे लिए थे। कबीर ने खुद दो सीटों से चुनाव लड़ा और दोनों से ही जीत हासिल की। लेकिन उन्होंने नौदा सीट अपने पास रखने का फैसला किया।

यह भी पढ़ें: ‘विधानसभा की कैंटीन भी इस्कॉन को क्यों नहीं सौंप देते?’, महुआ मोइत्रा ने मिड-डे मील को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील से अंडे हटाने को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अधिकांश बंगाली मांसाहारी हैं और सोया पसंद नहीं करते। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…