देश में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 29 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। यह तीन महीने में दूसरी बार है, जब 14.2 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी की गई है। इस पर अब केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय का एक बयान आया है, जिसमें कहा गया है कि दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले भारत में घरेलू गैस सबसे सस्ता मिल रहा है।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने कहा, भारतीय घरों में खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाली एलपीजी गैस अन्य देशों के घरों की तुलना में काफी सस्ती है। उन्होंने बताया कि अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा जैसे विकसित देशों में भुगतान की जाने वाली राशि से कहीं ज्यादा कम है।

आम उपभोक्ता को अब कितने देने होंगे पैसे?

मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत लाभार्थियों को घरेलू गैस सिलेंडर के लिए 642 रुपये का भुगतान करना पड़ता है, जबकि दिल्ली में आम उपभोक्ता को 942 रुपये भुगतान करना पड़ता है, जबकि आपूर्ति का लागत बढ़कर 1600 रुपये से अधिक हो गई है।

मीडिल ईस्ट संकट के कारण लगातार लागत में बढ़ोतरी के मद्देनजर, घरेलू एलपीजी कीमतों में रविवार से 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है।

पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा कि भारत में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में संबंधित कीमतों से जुड़ी हुई हैं। हालांकि सरकार घरेलू एलपीजी के लिए उपभोक्ता को मिलने वाली प्रभावी कीमत को नियंत्रित करना जारी रखती है।

मंत्रालय ने आगे यह भी कहा कि कोई भी परिवार 942 रुपये में अपनी जरूरत के मुताबिक, जितने चाहे सिलेंडर ले सकता है। पीएमयूवाई लाभार्थी को पहले चार रिफिल पर प्रति सिलेंडर 300 रुपये का अतिरिक्त सब्सिडी का लाभ मिलेगा।

अंतराष्ट्रीय बाजार कीमत से 700 रुपये कम है कीमत- मंत्रालय

आगे कहा गया कि पीएमयूवाई योजना से बाहर के परिवारों को भी सिलेंडर की बाजार कीमत से 700 रुपये कम भुगतान करना होगा।

विज्ञप्ति में कह गया, “घरेलू वर्ग को प्रति सिलेंडर सैकड़ों रुपये की उस भारी कीमत का बोझ नहीं उठाना पड़ता, जो सरकार वहन कर रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमत बढ़ने पर यह बोझ उपभोक्ता पर डालने के बजाय, उत्पादन प्रक्रिया शुरू होने से पहले सरकार द्वारा वहन कर लिया गया है।”

पाकिस्तान, बांग्लादेश और अमेरिका में कितनी है कीमतें?

भारत में 14.2 किलो गैस सिलेंडर की कीमत 942 रुपये और उज्जवला योजना वाले सिलेंडर की कीमत 642 रुपये हैं। पाकिस्तान में 14.2 किलो के सिलेंडर की कीमत 1046 रुपये, श्रीलंका में 1241 रुपये, बांग्लादेश में कीमत करीब 1225 रुपये, अमेरिका में कीमत करीब 1755 रुपये, आस्ट्रेलिया में 1765 रुपये और कनाडा में करीब 2411 रुपये हैं।

यह भी पढ़ें: सिलेंडर संकट में फंसी घर की रसोई, मिट्टी के तेल की वापसी, पर बाजारों में स्टोव उपलब्ध नहीं

दशकों पहले केरोसीन मुक्त हो चुकी राजधानी में एक बार फिर मिट्टी के तेल की वापसी हो गई है। रसोई गैस सिलेंडर की कमी के कारण केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने आपात परिस्थितियों में केरोसीन की बिक्री को मंजूरी दे दी है, ताकि लोग खाना बनाने का विकल्प पा सकें। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि बाजारों में स्टोव ही उपलब्ध नहीं है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें