Tamil Nadu News: तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने रविवार को अपने उत्तराधिकारी विजय के भावुक भाषण के एक घंटे के भीतर ही विपक्ष की भूमिका निभाना शुरू कर दिया। विजय ने दावा किया था कि उन्हें 10 लाख करोड़ रुपये के कर्ज वाला राज्य विरासत में मिला है।
डीएमके के अध्यक्ष एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “मैं तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री, विजय और विजयी टीवीके के नेता को, इस नई ज़िम्मेदारी को संभालने पर अपनी हार्दिक बधाई देता हूं। मैं उन घोषणाओं का भी स्वागत करता हूं जिन पर आपने पदभार ग्रहण करते ही तुरंत हस्ताक्षर किए हैं।”
एमके स्टालिन ने विजय पर बोला हमला
तमिलनाडु के पूर्व सीएम एमके स्टालिन ने विजय पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “शुरू में ही यह कहना शुरू न करें कि सरकार के पास पैसे नहीं हैं। पैसे हैं। जरूरत इस बात की है कि लोगों को वे पैसे देने की इच्छाशक्ति हो, और शासन चलाने की क्षमता हो। पांच वर्षों तक, हमने कोविड और बाढ़ जैसी कई समस्याओं और साथ ही केंद्र की बीजेपी सरकार की उपेक्षा का सामना करते हुए भी, लोगों के लिए अनगिनत कल्याणकारी योजनाएं लागू कीं।”
एमके स्टालिन ने कहा, “आपने अपने पहले ही भाषण में यह आरोप लगाया था कि पिछली सरकार ने 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज़ छोड़ा है और खजाना खाली कर दिया है, तमिलनाडु का कर्ज़ का स्तर अनुमत सीमाओं के भीतर ही है। हमने फरवरी के बजट में ही तमिलनाडु सरकार की वित्तीय स्थिति को स्पष्ट रूप से समझाया था। क्या आपको यह बात पता नहीं थी? क्या उसके बाद ही आपने लोगों से तरह-तरह के वादे किए थे? जिन लोगों ने आपको वोट दिया है, उन्हें फिर से धोखा न दें और मुद्दे से भटकाने की कोशिश न करें।”
लोगों के वादे पूरे करिए- एमके स्टालिन
तमिलनाडु के पूर्व सीएम ने कहा, “आप, जो यह कहकर सत्ता में आए थे कि मैं केवल वही वादे करूंगा जो व्यावहारिक रूप से पूरे किए जा सकते हैं, अब सरकारी प्रशासन में कदम रख रहे हैं। मेरा मानना है कि, हमारी ही तरह, आप भी जल्द ही यह सीख जाएंगे कि लोगों से किए गए वादों को कैसे पूरा किया जाता है। जिन लोगों ने आपको वोट दिया है, उनके साथ-साथ मैं भी आपसे यही उम्मीद करता हूं। एक बार फिर, मेरी शुभकामनाएं कि आपके शासन में तमिलनाडु की विकास यात्रा इसी तरह आगे बढ़ती रहे।”
विजय ने डीएमके सरकार पर लगाया था आरोप
टीवीके प्रमुख विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके बाद दिए गए अपने भाषण में विजय ने पूर्व डीएमके सरकार पर 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज छोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “तमिलनाडु सरकार की जो हालत है, वह मैंने खुद देखी है। पिछली सरकार 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज लेकर सत्ता से बाहर हुई। उनके कार्यकाल खत्म होने से पहले ही सरकारी खजाना पूरी तरह खाली हो चुका था।”
विजय ने कहा, “मैं यह सिर्फ दिखावे के लिए नहीं कह रहा हूं। अंदर जाकर और चीजों को अपनी आंखों से देखने के बाद ही कोई समझ सकता है कि वहां क्या है और क्या नहीं।” विजय ने सार्वजनिक धन का दुरुपयोग न करने का भी संकल्प लिया और कहा कि उनकी सरकार शिक्षा, सड़कों, पेयजल और अन्य आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा, “भले ही कुछ लोग मुझे अपमानित करें, चाहे वे मित्र हों या शत्रु, फिर भी सभी 8 करोड़ लोग मेरे ही लोग हैं।” उन्होंने आगे कहा, “जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, मैं जनता के पैसे का एक पैसा भी नहीं छूऊंगा।” पढ़ें विजय के भाषण की बड़ी बातें…
