आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार चेन्नई में डीएमके के लिए कैंपेन किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा तो वहीं, स्टालिन को भाई जैसा बताया और कहा कि उनकी लीडरशिप में तमिलनाडु तरक्की कर रहा है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं दिल्ली से DMK थिरु स्टालिन जी के लिए कैंपेन करने आया हूं। वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। वह लगभग भाई जैसे हैं। लेकिन उससे भी ज़्यादा, मैं उनके लिए कैंपेन करने आया हूं, क्योंकि वह तमिलनाडु के लोगों के लिए बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।

केजरीवाल ने स्टालिन की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में तमिलनाडु ने बहुत अच्छी तरक्की की है और बहुत सारे इलाकों में विकास हुआ है। अगर लोग उन्हें वोट देते हैं, तो यह अच्छा काम जारी रहेगा, और अगले पांच सालों में तमिलनाडु और भी ज़्यादा तरक्की करेगा।

इसी के साथ केजरीवाल ने आगे कहा लेकिन अगर ADMK और BJP का गठबंधन सत्ता में आता है, तो सारा अच्छा काम चला जाएगा, क्योंकि दिल्ली में भी भाजपा के सत्ता में आने के बाद, BJP ने हमारे किए हुए सारे अच्छे काम पूरी तरह खत्म कर दिए हैं। इसलिए मैं यहां के लोगों के साथ अपने अनुभव साझा करूंगा।

केजरीवाल ने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि थिरु स्टालिन केंद्र की तानाशाही वाली सोच का कड़ा विरोध कर रहे हैं। परिसीमन बिल लोकतंत्र पर हमला था, और मुझे बहुत खुशी है कि परिसीमन बिल गिर गया। यह मोदी सरकार के लिए बहुत बड़ी हार है।

बता दें, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 से पहले राजनीतिक दलों ने अपने-अपने घोषणा-पत्र जारी कर दिए हैं, जिनमें महिला सशक्तिकरण, आर्थिक राहत और रोजगार जैसे मुद्दे केंद्र में हैं। विधानसभा चुनावों में द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक), अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक), तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।

सभी दलों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए बड़े वादे किए हैं, जिनमें कई समानताएं भी देखने को मिलती हैं। पांचों दलों के घोषणा-पत्रों में ‘महिलाओं को आर्थिक सहायता’ देने की बात शामिल है। राज्य में 23 अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली द्रमुक ने अपने घोषणा-पत्र में मौजूदा योजनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया है। पार्टी ने महिला मुखियाओं को मिलने वाली सहायता को 1,000 रुपए से बढ़ाकर 2,000 रुपए करने का वादा किया है, जिससे 1.37 करोड़ से अधिक लोगों को लाभ मिलने की बात कही गई है।

तमिलनाडु में ‘अभिनेता बनाम खलनायक’ की सियासत गरमाई

तमिलनाडु चुनाव में ‘अभिनेता बनाम खलनायक’ की सियासत गरमा गई हैं। प्रचार के दौरान द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (द्रमुक) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) पार्टी अपने-अपने नेताओं को अभिनेता की तरह पेश कर रही हैं। जबकि विपक्ष के नेता को खलनायक बता रही हैं। स्थानीय नेताओं की माने तो तमिलनाडु की राजनीति में चुनावी मुकाबला केवल विकास, गठबंधन और वादों तक सीमित नहीं रहता। यहां नेताओं की छवि को जनता के बीच मजबूत बनाने के लिए बड़े स्तर पर ‘हीरो बनाम विलेन’ का अभियान चलता है। पढ़ें पूरी खबर।