राजधानी दिल्ली में सोमवार का दिन भी आम जनता के लिए मुश्किल भरा होने वाला है, क्योंकि दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने रविवार देर रात यह ऐलान किया कि सोमवार को दिल्ली में 6 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। डीएमआरसी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए 6 मेट्रो स्टेशनों को सुबह 6 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक बंद रखने का ऐलान किया है।
डीएमआरसी के मुताबिक, सुरक्षा कारणों के चलते 12 अक्टूबर, 2026 को सुबह 06:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक 6 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट पॉइंट बंद रहेंगे। हालांकि इन स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा चालू रहेगी।
यह मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद
डीएमआरसी के मुताबिक, दिल्ली में आज पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशन को बंद रखा गया है। डीएमआरसी ने इससे पहले 10 अक्टूबर को CJP प्रोटेस्ट के चलते दिल्ली के 45 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखा गया था। डीएमआरसी ने आगे कहा है कि आगे का जरूरी अपडेट सिक्योरिटी एजेंसियों के रिव्यू के बाद लिया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट तक इंडिया गठबंधन का मार्च
बता दें कि डीएमआरसी ने यह फैसला इंडिया गठबंधन के सुप्रीम कोर्ट तक होने वाले मार्च को देखते हुए लिया है। कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल सोमवार को कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालेंगे। इसको लेकर भारी सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं।
दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी
दिल्ली में विपक्षी दलों के सुप्रीम कोर्ट तक मार्च को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी की है और बताया है कि सोमवार को मौजूदा कानून और व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर ट्रैफिक रहने की संभावना है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कई जगह डायवर्जन लागू किया जा सकता है। ऐसे में लोगों को सलाह दी जाती है कि वह अपनी ट्रैवल प्लानिंग पहले से कर के रखें।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इन प्रमुख चौराहों और सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू हो सकता है।
- पंचकुइयां राउंडअबाउट
- मंडी हाउस राउंडअबाउट
- डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक (डब्ल्यू-पॉइंट)
- राम चरण अग्रवाल चौक (ए-पॉइंट)
- मिंटो रोड / दीनदयाल उपाध्याय मार्ग
- गुरु नानक चौक
- चेम्सफोर्ड रोड – कनॉट प्लेस आउटर सर्कल टी-पॉइंट
- भरों रोड – एमजीएम (रिंग रोड) टी-पॉइंट
- लोदी रोड फ्लाईओवर
- नीला गुंबद राउंडअबाउट
- सरदार पटेल मार्ग – पंचशील मार्ग क्रॉसिंग
- भीकाजी कामा प्लेस के नीचे
- मोती बाग फ्लाईओवर के नीचे
- रिंग रोड – सैन मार्टिन मार्ग टी-पॉइंट
- अशोक रोड – जंतर-मंतर रोड राउंडअबाउट
- रेल भवन राउंडअबाउट
- जय सिंह रोड – संसद मार्ग क्रॉसिंग
- कनॉट प्लेस आउटर सर्कल – बाराखंभा रोड टी-पॉइंट
- पटेल चौक राउंडअबाउट
- जय सिंह रोड – अशोक रोड टी-पॉइंट
- आरएमएल अस्पताल राउंडअबाउट
- कनॉट प्लेस आउटर सर्कल – संसद मार्ग टी-पॉइंट
यह भी पढ़ें: INDIA गठबंधन के नेताओं से नहीं मिलेंगे CJI सूर्यकांत, ठुकराई राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की मांग
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने रविवार देर रात विपक्षी नेताओं की मांग को ठुकरा दिया है। इंडिया गठबंधन के नेता बड़ी संख्या में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने जा रहे हैं। रविवार देर शाम लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक वीडियो जारी कर लोगों को आह्वान किया था कि वे सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे और सीजेआई सूर्यकांत से एसआईआर मुद्दे और ज्ञानेश कुमार पर एक्शन लेने की बात करेंगे। यहां पढ़ें पूरी खबर…
