यूपी, बिहार कर्नाटक और महाराष्ट्र में की कुल 28 सीटों पर हुए एमएलसी चुनाव के नतीजों के बाद सियासी बयानबाजियों का दौर जारी है। तमिलनाडु की सियासत में भी एमएलसी चुनाव के नतीजों का जिक्र हो रहा है। इन चुनावों में कांग्रेस की हार को लेकर DMK के प्रवक्ता टी.के.एस. एलंगोवन ने आत्मचिंतन करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस इस चुनाव में अपनी कमजोर रणनीति और नेतृत्व की कमियों के कारण हारी है।
न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए एलंगोवन ने कहा कि कांग्रेस कई जगहों पर अपनी कमजोरियों के कारण हार रही है। पार्टी अपनी ताकत बनाए रखने में नाकाम रही है और उसे अपनी रणनीति पर दोबारा विचार करने की जरूरत है। DMK प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस की लगातार चुनावी असफलताओं की वजह उसकी खुद की जिम्मेदारियां हैं।
‘कांग्रेस नेतृत्व को रणनीति के बारे में सोचना होगा’
डीएमके प्रवक्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस टिप्पणी का भी जिक्र किया, जिसमें यह कहा गया था कि बैलेट पेपर से भी हुए चुनाव को कांग्रेस पार्टी जीत नहीं पाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को यह तय करना होगा कि पार्टी को मजबूत करने और चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए किस तरह की रणनीति अपनाई जाए।
‘बीजेपी तो वोटरों को खरीद सकती है’
डीएमके प्रवक्ता एलंगोवन ने एक दूसरे बयान में बीजेपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिक्षक और स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों वाले निर्वाचन क्षेत्रों में BJP मतदाताओं को आसानी से खरीद सकती है। एलंगोवन के मुताबिक, एमएलसी का चुनाव जनरल इलेक्शन (विधानसभा और लोकसभा) से काफी अलग होता है। उन्होंने बताया कि कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में केवल विधायक मतदान करते हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों में शिक्षक या स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि मतदाता होते हैं और इसी वजह से चुनाव का नतीजा अलग हो सकता है।
एलंगोवन ने आरोप लगाया कि ऐसे निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं को प्रभावित करना या खरीदना BJP के लिए आसान हो सकता है। एलंगोवन के मुताबिक, यदि मतदान विधायक करते, तो कांग्रेस अपने बहुमत के दम पर सभी सीटें जीत सकती थी।
कैसा रहा एमएलसी चुनाव का रिजल्ट?
4 राज्यों में एमएलसी चुनाव का रिजल्ट कुछ इस प्रकार रहा।
उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर हुए चुनाव में बीजेपी ने 6 जबकि सपा ने 5 जीती हैं।
बिहार की 8 सीटों में से बीजेपी ने 3 सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि JD(U) को 1, RJD को 1, जन सुराज को 1 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 2 सीटें मिलीं।
कर्नाटक की 4 सीटों पर बीजेपी ने 3 जबकि जीडीएस ने 1 सीट पर जीत दर्ज की है।
महाराष्ट्र की 5 सीटों में से BJP, कांग्रेस, शिवसेना और NCP (शरदचंद्र पवार) के बीच सीटें बंटी हैं। BJP को 1, कांग्रेस को 1, शिवसेना को 1 और NCP (शरदचंद्र पवार) को 2 सीटें मिलीं हैं।
यह भी पढे़ं: ‘अयोध्या तो झांकी थी, मथुरा काशी बाकी थी’, सपा नेता ने कहा- MLC चुनाव में मतदाताओं ने भाजपा मॉडल को खारिज किया
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद चुनाव के नतीजों पर समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता आशुतोष वर्मा ने कहा कि ‘अयोध्या तो सिर्फ झांकी थी, मथुरा-काशी बाकी थी।’ उन्होंने कहा कि लखनऊ भी अब मैदान में उतर आया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
