मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस और विपक्षी दलों के प्रदर्शन के बीच डीएमके मिला-जुला रुख अपना रही है। जहां, डीएमके का एक धड़ा राहुल गांधी पर हमले तेज कर रहा है तो वहीं दूसरा धड़ा नेता विपक्ष के विरोध करने के अधिकार का ‘बचाव’ कर रहा है।

डीएमके के प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने बुधवार को वोटर लिस्ट के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (एसआईआर) पर एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी ने दूसरी जगहों पर चुनावी गड़बड़ी के मामलों को जोर-शोर से उठाया है लेकिन तमिलनाडु के बारे में उन्होंने ऐसा क्यों नहीं कहा?

अन्नादुरई क्या दावा किया?

अन्नादुरई ने दावा किया कि तमिलनाडु में जिन विधानसभा सीटों से बड़ी संख्या में नाम हटाए गए, ऐसी ज्यादातर सीटें विजय की पार्टी टीवीके के खाते में गई हैं।

अन्नादुरई के अनुसार, टीवीके ने उन 135 विधानसभा सीटों में से 84 सीटें जीतीं जहां 20,000 से ज्यादा वोटरों के नाम हटाए गए थे और उन सभी 10 सीटों में भी जीत हासिल की, जहां नाम हटाने की संख्या 80,000 से ज्यादा थी।

अन्नादुरई ने राहुल गांधी से पूछा कि क्या उन्हें लगता है कि एसआईआर का तमिलनाडु पर भी असर पड़ा और क्या चुनाव आयोग ने राज्य में निष्पक्ष तरीके से काम किया?

राहुल को कहा था दोमुंहा

अन्नादुरई ने एक दिन पहले तीखी टिप्पणी की थी। जब राहुल गांधी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे तब उन्होंने पूछा था कि क्या वे तमिलनाडु में नाम हटाए जाने का मुद्दा उठाने से इसलिए हिचकिचा रहे हैं क्योंकि वे सीएम विजय से डरते हैं। उन्होंने राहुल गांधी को दो मुंहा भी कहा था।

डीएमके नेता ने सवाल किया था कि राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उस रुख का समर्थन क्यों नहीं किया जिसमें कहा गया था कि एसआईआर के बाद चुनी गई राज्य सरकारों को भंग कर दिया जाना चाहिए।

इलांगोवन ने किया बचाव

अन्नादुरई ने जहां राहुल गांधी पर निशाना साधा, वहीं डीएमके के वरिष्ठ नेता टीकेएस इलांगोवन ने कांग्रेस नेता के विरोध करने के अधिकार का बचाव किया।

इलांगोवन ने कहा, “सरकार की गलतियों के खिलाफ लड़ना लोगों का हक है। राहुल गांधी ने कल यही किया।” उन्होंने ज्ञानेश कुमार को हटाने और उन राज्यों में नए सिरे से चुनाव कराने की भी मांग की, जहां उनके मुताबिक चुनावी प्रक्रिया से समझौता किया गया था।

तमिलनाडु के नतीजों के बाद क्या हुआ?

इसकी वजह तमिलनाडु में अप्रैल में हुए चुनाव के बाद राज्य की राजनीति में आए बदलाव हैं। चुनाव के बीद डीएमके ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन का साथ छोड़ दिया था। राज्य में सीएम जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके, कांग्रेस और दूसरी छोटी पार्टियों के समर्थन से सरकार चला रही है।

डीएमके और कांग्रेस भले ही एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाएं लेकिन तमिलनाडु की राजनीति में वे आमने-सामने हैं।

राहुल-प्रियंका ने किया प्रदर्शन

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने विपक्ष के कुछ नेताओं के साथ नई दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। मंगलवार को, जब पुलिस ने विपक्षी सांसदों को चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च करने से रोका तो राहुल और प्रियंका गांधी ने आकाशवाणी भवन में नौ घंटे तक धरना दिया था।

विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। पिछले महीने आई द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में बताया गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने 10 महीनों में कम से कम 14 बार उन फैसलों पर आपत्ति जताई थी, जो उनकी जानकारी के बिना लिए गए थे।

यह भी पढ़ें- ‘ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक नहीं रुकेंगे…’

कांग्रेस ने कहा है कि जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को उनके पद से नहीं हटाया जाता, वह विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।