Kiren Rijiju on DK Shivkumar: केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हिमंता बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी के खिलाफ मजबूत अपना पक्ष मजबूती से रखा था, कुछ वैसा ही कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को भी करना चाहिए।
किरेन रिजिजू ने हिमंता के एक एक्स पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए डीके शिवकुमार से कन्नड़ अस्मिता और सम्मान की बात कही। बता दें कि हिमंता बिस्वा सरमा ने अपने एक पोस्ट में राहुल गांधी और विपक्षी दलों के सुप्रीम कोर्ट मार्च के वीडियो लगाए थे। हिमंता ने इस पोस्ट में कहा कि राहुल गांधी ने सरेआम डीके शिवकुमार को अपमानित किया है, क्या वे प्रतिकार करेंगे?
हिमंता के किस पर पोस्ट पर रिजिजू ने की टिप्पणी?
हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स पर राहुल गांधी के दो वीडियो शेयर किए, जिसमें राहुल गांधी सुप्रीम कोर्ट के मार्च के दौरान लगातार अपने पास के लोगों को दूर करने के लिए हाथ और कुहनियों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस पोस्ट में हिमंता बिस्वा सरमा ने लिखा, “2015 में एक गौरवान्वित असमिया होने के नाते मैंने अपमान को सहन करने से इनकार कर दिया था। ईश्वर मुझ पर मेहरबान था।”
हिमंता ने कहा, “कर्नाटक के मुख्यमंत्री मात्र एक व्यक्ति नहीं हैं। वे एक संवैधानिक पद हैं, और एक गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और गहरे गौरव से परिपूर्ण राज्य का चेहरा हैं। क्या वे इस सार्वजनिक अपमान के आगे झुकेंगे? “पुनर्निर्माण” अहंकार को नहीं छुपा सकता। आप चाहे जितना मुखौटा बदल लें; चेहरा वही रहता है।”
‘हिमंता की तरह राहुल के खिलाफ खड़े होंगे डीके शिवकुमार’
असम के मुख्यमंत्री के इस एक्स पोस्ट को संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने रीपोस्ट किया और लिखा, “कर्नाटक के मुख्यमंत्री श्री डी.के. शिवकुमार स्वयं को एक गौरवान्वित कन्नड़ भाषी मानते हैं और अक्सर कर्नाटक की भाषा, संस्कृति और लोगों से अपने गहरे जुड़ाव पर जोर देते हैं। वे निश्चित रूप से राहुल गांधी द्वारा उन्हें अपमानित करने के खिलाफ उसी तरह खड़े होंगे, जैसे हिमंता जी खड़े हुए थे।”
डीके शिवकुमार ने दिया जवाब
हालांकि, बाद में इस मुद्दे पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का भी बयान आया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “हमारी लड़ाई लोकतंत्र के लिए है, ध्यान भटकाने वाली बातों के लिए नहीं। कल के विरोध प्रदर्शन में वोट चोरी के खिलाफ और हमारे लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट लोगों का विशाल जनसमूह देखने को मिला।”
डीके शिवकुमार ने कहा, “राहुल गांधी ने मेरी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुझे वाहन में वापस जाने और सावधानी बरतने की सलाह दी। यही हमारा साझा बंधन है, जो विश्वास, स्नेह और परिवार पर आधारित है। एक 10 सेकंड का वीडियो पूरी कहानी नहीं बयां कर सकता। आइए हम असली मुद्दे से नज़र न हटाएं: वोट चोरी और हर भारतीय के वोट देने के अधिकार की रक्षा के लिए लड़ाई।”
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी के खिलाफ हिमंता बिस्वा सरमा ने खोला मोर्चा, कांग्रेस दफ्तरों के बाहर करेंगे रैलियां
कांग्रेस और पूरा विपक्षी इंडिया गठबंधन चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाना बना रहा है। दूसरी ओर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने ऐलान किया है कि वे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ 13 से 31 अक्टूबर तक राज्य के अलग-अलग जिला मुख्यालयों के पास जाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया है। पढ़िए पूरी खबर…
