Karnataka Politics: कर्नाटक में सरकार बनने से लेकर अब तक सीएम की कुर्सी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और गृहमंत्री डीके शिवकुमार के बीच टकराव देखने को मिलता रहा है। अब एक बार फिर राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा होने लगी है। सिद्धारमैया की कैबिनेट में शामिल डीके शिवकुमार समर्थक मंत्री जी परमेश्वर ने डीके शिवकुमार की सीएम बनने की इच्छा को उचित या लाजमी बताया है, जिसके बाद राज्य में सियासी घटनाक्रम एक बार फिर बदलता हुआ नजर आ सकता है।

दरअसल, कर्नाटक की सियासत में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं तेज हैं। मंत्री जी परमेश्वर ने शनिवार को कहा कि उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार का मुख्यमंत्री बनने की आकांक्षा रखना स्वाभाविक है, क्योंकि वे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी हैं। परमेश्वर ने साफ किया कि अंतिम निर्णय पार्टी आलाकमान पर निर्भर करेगा।

हाईकमान करेगा आखिरी फैसला

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, जी परमेंश्वर ने कहा, “मैंने हमेशा उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। हम अच्छे दोस्त हैं। उनकी इच्छा में कोई गलत बात नहीं है, लेकिन फैसला हाईकमान ही करेगा।” मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी सवालों पर उन्होंने दोहराया कि वे निर्णय लेने वाली समिति का हिस्सा नहीं हैं, इसलिए इस पर अधिक टिप्पणी नहीं कर सकते।

समर्थकों की बढ़ती मांग

बता दें कि डीके शिवकुमार के समर्थक 2023 विधानसभा चुनाव के दौरान कथित सत्ता-साझेदारी समझौते का हवाला देते हुए उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं। कुछ समर्थकों का दावा है कि 15 मई, जो शिवकुमार का जन्मदिन है, तक कोई “अच्छी खबर” मिल सकती है।

गौरतलब है कि राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि 4 मई को 4 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव नतीजे आएंगे। इसके अलावा कर्नाटक की दो सीटों पर उपचुनाव के नतीजे भी घोषित होंगे। इसके बाद नेतृत्व में बदलाव या मंत्रिमंडल फेरबदल हो सकता है।

क्या बोले थे अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

ध्यान दिला दें कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इन अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा है कि कर्नाटक में फिलहाल मुख्यमंत्री बदलने का कोई सवाल नहीं है, लेकिन नेतृत्व का मुद्दा जल्द सुलझा लिया जाएगा। खड़गे ने यह भी कहा था कि नेतृत्व परिवर्तन का आखिरी फैसला सोनिया गांधी ही करेंगी। फिलहाल, राज्य की राजनीति में सस्पेंस बरकरार है और सबकी नजरें कांग्रेस हाईकमान के अगले कदम पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें: कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलाव की अटकलों पर खड़गे का जवाब

कर्नाटक में क्या मुख्यमंत्री बदला जाएगा? क्या सिद्धारमैया की जगह डीके शिवकुमार लेंगे? यह तमाम ऐसे सवाल हैं जो कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच कई मौकों पर उठते रहे हैं। इतना ही नहीं डीके शिवकुमार के समर्थक भी कई बार इस बात का दावा करते नजर आए हैं कि सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार का कार्यकाल ढाई-ढाई साल को होगा, लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं। पढ़िए पूरी खबर…