Karnataka News: कर्नाटक में बड़ा राजनीतिक फेरबदल हो रहा है। दिग्गज नेता सिद्धारमैया की राज्य की सत्ता से विदाई हो चुकी है और कांग्रेस में डीके शिवकुमार के शासन का युग आ गया है। बुधवार को डीके शिवकुमार कर्नाटक के सीएम पद की शपथ लेंगे। उनके साथ नई कैबिनेट के 13 मंत्रियों की भी शपथ हो सकती है।
खास बात यह है कि इसमें सिद्धारमैया के पुरानी साथी और पूर्व मंत्री जी परमेश्वर का कद भी बढ़ने वाला है। वे डीके सरकार में डिप्टी सीएम बन सकते हैं।
दरअसल, कांग्रेस सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स बताती हैं कि कांग्रेस कर्नाटक में एक संतुलित, क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों को साधने वाली टीम तैयार करना चाहती है, जिससे पार्टी को आने वाले विधानसभा चुनाव में भी फायदा होगा। इसीलिए नई कैबिनेट को अंतिम रूप देने के मुद्दे पर मंगलवार को दिल्ली में अहम बैठक हुई थी।
डीके ने किया था आलाकमान के साथ मंथन
दिल्ली में हुई कैबिनेट के चयन से संबंधित बैठक में डीके शिवकुमार के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक प्रभारी महासचिव रणदीप सुरजेवाला के साथ विस्तार से चर्चा की थी। इसमें सबसे खास चर्चा जी परमेश्वर को लेकर हुई, जिनका डीके सरकार में डिप्टी सीएम बनना तय माना जा रहा है।
जी परमेश्वर हो सकते हैं डिप्टी सीएम
जी परमेश्वर कर्नाटक की राजनीति में एक बड़े दलित नेता के तौर पर जाने जाते है। वहीं एक अहम बात यह भी है कि जी परमेश्वर पूर्व सीएम सिद्धारमैया के खास है। वे डीके सरकार के अकेले उपमुख्यमंत्री भी हो सकते हैं। सूत्र ये भी बताते हैं कि सिद्धारमैया की तरफ से ही डिप्टी सीएम पद के लिए जी परमेश्वर के नाम की सिफारिश की गई थी।
और कौन-कौन बनेगा मंत्री?
जी परमेश्वर के डिप्टी सीएम बनने की संभावनाओं के अतिरिक्त जिन नेताओं के नाम डीके की नई कैबिनेट में तय माने जा रहे हैं। उनमें एमबी पाटिल, प्रियांक खड़गे, सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र, केएच मुनियप्पा, यूटी खादर, केजे जॉर्ज, कृष्णा बायरे गौड़ा, सतीश जारकीहोली, रामलिंगा रेड्डी, दिनेश गुंडू राव, बायराथी सुरेश और ईश्वर खंड्रे का नाम शामिल हैं।
इन नामों के जरिए कांग्रेस संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है क्योंकि 2028 में विधानसभा चुनाव है और पार्टी इस पूरे फेरबदल के जरिए, चुनाव जीतने के समीकरणों को भी मजबूत करने के प्रयासों पर काम कर रही है। कांग्रेस की प्लानिंग केवल विधानसभा चुनाव ही नहीं, बल्कि 2029 के लोकसभा चुनावों पर भी है।
‘गांधी परिवार ने भरोसा किया, मैं उनके लिए प्रतिबद्ध’, सीएम पद की शपथ लेने से पहले बोले डीके शिवकुमार
कर्नाटक में सिद्धारमैया का इस्तीफा होने के बाद अब बुधवार को डीके शिवकुमार सीएम पद की शपथ लेंगे। इससे पहले उन्होंने गांधी परिवार को लेकर बड़ा बयान दिया और कहा कि गांधी परिवार के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों ने अपनी राजनीतिक भूमिकाओं में त्याग किया क्योंकि वे प्रधानमंत्री बन सकते थे। पढ़िए पूरी खबर…
