West Bengal News: पश्चिम बंगाल के बरुईपुर में नाबालिग बच्ची के रेप और मर्डर के मामले को लेकर राज्य में काफी तनावपूर्ण माहौल है। तृणमूल कांग्रेस की बागी सांसद सायोनी घोष ने मृतक पीड़िता के परिवार से मुलाकात की। लेकिन उन्हें वहां विरोध का सामना करना पड़ा। सायोनी घोष को देखकर लोगों ने बेईमान और गद्दार जैसे नारे लगाए।

इस दौरान भीड़ को पुलिस नियंत्रित करती हुई नजर आई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लोग यह कहते हुए भी सुने जा सकते हैं कि वे कितने में बिक गईं। सायोनी घोष इससे काफी असहज दिखाई दीं।

सायोनी घोष ने पीड़ित परिवार से मिलने के बाद क्या कहा?

सायोनी घोष ने पीड़िता के परिवार से मुलाकात करने के बाद कहा, “मैं पूरे परिवार से मिली। जब किसी की जान जाती है, कोई बच्चा मरता है, तो हमें भी दुख होता है। हम अपनी मुख्यमंत्री से यही उम्मीद करते हैं, एक जांच, एक सच्ची जांच, एक पूरी जांच। दोषियों को सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। आप सभी जानते हैं कि मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि हम इस मामले की गहराई से जांच करेंगे, हम मामले की तह तक जाएंगे।”

हमें अपनी बेटियों की हिफाजत पक्की करनी होगी- सायोनी घोष

बागी टीएमसी नेता ने आगे कहा, “भले ही ऐसा लगे कि इसमें दो, तीन या चार लोग शामिल हैं, लेकिन यह एक बहुत बड़ा रैकेट है। हमें भविष्य में अपनी बेटियों की सुरक्षा और हिफाजत पक्की करनी होगी। अभी-अभी नई सरकार बनी है, यह दो महीने पुरानी सरकार है। कोई भी पार्टी ऐसा नहीं चाहती, कोई भी मुख्यमंत्री रेप नहीं चाहता, चाहे वह बीजेपी का मुख्यमंत्री हो, तृणमूल का हो या कांग्रेस का। लेकिन अगर ऐसी घटना होती है, तो सबसे जरूरी बात यह है कि इसे कैसे संभाला जाता है, इसलिए हमारी मुख्यमंत्री को इसे अच्छे से संभालना चाहिए और इसमें शामिल सभी लोगों को सबसे कड़ी सजा, यानी मौत की सजा मिलनी चाहिए।”

पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया

बता दें कि बरुईपुर के सूर्यपुर में 11 साल की नाबालिग के साथ कथित तौर पर रेप और हत्या के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। प्रशासन द्वारा उठाए गए इन सख्त कदमों से पीड़िता के परिवार को राहत मिली है, लेकिन राजनीति थम नहीं रही है। सोमवार को सांसद प्रतिमा मंडल, डोला सेन और बरुईपुर पश्चिम के पूर्व विधायक बिमान बनर्जी ममता बनर्जी के निर्देश पर बरुईपुर गए। उन्होंने पीड़िता के परिवार से बात की और उन्हें समर्थन का आश्वासन दिया। दोपहर में ममता बनर्जी ने कालीघाट पर कैंडल मार्च निकाला।

यह भी पढ़ें: ‘दोषियों के लिए मौत की सजा की मांग करेंगे’, बंगाल रेप-मर्डर केस शुभेंदु सरकार के लिए पहली बड़ी परीक्षा क्यों है?

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस अपराध को भयावह बताया और कहा कि एक एसआईटी बनाई गई है। उन्होंने कहा, “दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और तीन अन्य को हिरासत में लिया गया है। घटना के बाद मैंने पीड़ित के पिता से बात की। परिवार प्रशासन से जो भी उम्मीद करता है, हम उसे पूरा करेंगे। हम हर तरह की मदद करेंगे। उन्हें न्याय मिलेगा।” उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना के सिलसिले में चार अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…