समाजवादी पार्टी की लोकसभा सांसद डिंपल यादव ने सोमवार (20 जुलाई 2026) को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में संसद से जंतर-मंतर तक मार्च निकाला। इस मार्च में डिंपल यादव समेत कई सपा सांसद शामिल हुए। इस दौरान डिंपल यादव ने केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया और कहा कि देश में युवाओं, किसानों और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर सरकार संवाद करने को तैयार नहीं है।

मार्च के दौरान डिंपल यादव ने कहा, ”हम चाहते हैं कि छात्रों की आवाज सुनी जाए, क्योंकि अब हालात असहनीय हो चुके हैं। देशभर में किसान, पर्यावरण और युवा सभी परेशान हैं लेकिन सरकार किसी की सुनने और उनकी समस्याओं का समाधान करने को तैयार नहीं है। छात्र सिर्फ निष्पक्ष परीक्षाएं चाहते हैं लेकिन यह सरकार न निष्पक्ष परीक्षा चाहती है और न ही निष्पक्ष चुनाव।” उन्होंने कहा कि देशभर के युवा अपनी बात रखना चाहते हैं लेकिन सरकार उनसे संवाद करने को तैयार नहीं है।

सीजेपी के संसद मार्च से जुड़े लेटेस्ट अपडेट्स यहां पढ़ें

डिंपल यादव ने कहा, ”छात्र लगातार अपनी मांगें उठा रहे हैं। सोनम वांगचुक ने भी सरकार से बातचीत शुरू करने की अपील की है लेकिन सरकार इतनी हठधर्मी और असंवेदनशील हो गई है कि वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं है। हम छात्रों के साथ खड़े हैं और इसी समर्थन में जंतर-मंतर तक मार्च कर रहे हैं। मुझे लगता है कि पूरी व्यवस्था भ्रष्ट हो चुकी है और इसका सबसे बड़ा खामियाजा देश के युवा और छात्र भुगत रहे हैं। वे भारी मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं।”

इससे पहले समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि CJP के समर्थन में संसद से जंतर-मंतर तक मार्च कर रहीं डिंपल यादव और अन्य सपा सांसदों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया जिसे उसने ‘बेहद निंदनीय और अलोकतांत्रिक’ करार दिया।

Dimple yadav
संसद भवन मे डिंपल यादव (Image Source: ANI)

गौरतलब है कि CJP के आह्वान पर बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक ‘चलो संसद’ मार्च में शामिल हुए। प्रदर्शनकारी शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही और संवाद की मांग कर रहे हैं। वहीं दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र संसद और जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है।

यह भी पढ़ें: संसद मार्च के बीच CJP का दावा, सरकार ने बातचीत के लिए बुलाया; जेपी नड्डा से होगी मुलाकात