Delhi Confidential: नीट (NEET) विवाद को लेकर सोनम वांगचुक के आमरण अनशन पर लंबे समय तक चुप रहने के बाद कांग्रेस ने गुरुवार को उनके समर्थन का ऐलान किया। सामाजिक कार्यकर्ता वांगचुक के अनशन के 19वें दिन कांग्रेस ने उनका साथ दिया। पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने आश्वासन दिया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर नरेंद्र मोदी सरकार का विरोध करेगी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाएगी।
सूत्रों के अनुसार, सोनिया गांधी चाहती थीं कि कांग्रेस इस मुद्दे पर सोनम वांगचुक का समर्थन करे। लेकिन पार्टी के कुछ नेता इस मसले पर वांगचुक या कॉकरोच जनता पार्टी के साथ आने को लेकर संशय में थे।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी ने नेताओं को याद दिलाया कि 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी खुद लेह गई थीं और सोनम वांगचुक के पिता सोनम वांगयाल से मुलाकात की थी। उस समय सोनम वांगयाल लद्दाख के लोगों को अनुसूचित जनजाति (Scheduled Tribe) का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे। इंदिरा गांधी ने उन्हें अनशन समाप्त करने के लिए राजी कर लिया था।
जुबान फिसली, माहौल हुआ हल्का
समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद डिंपल यादव के मंच पर पहुंचने की घोषणा के दौरान हुई जुबान फिसलने की एक घटना ने जंतर-मंतर पर चल रहे गंभीर माहौल को कुछ पल के लिए हल्का कर दिया।
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मिलने पहुंची डिंपल यादव जब अन्य वरिष्ठ सपा नेताओं के साथ मंच की ओर बढ़ रही थीं, तब मंच पर गलती से उनका परिचय ‘युवा सांसद डिंपल कपाड़िया’ के रूप में करा दिया गया। भीड़ ने तुरंत इस गलती को सुधारा।
इसके बाद उद्घोषक ने अपनी भूल सुधारने की कोशिश में ‘डिंपल यादव’ का नाम कई बार दोहराया। इस पर वहां प्रदर्शन कर रहे युवाओं के बीच हंसी गूंज उठी और कुछ देर के लिए माहौल हल्का हो गया।
सोनम वांगचुक के पिता ने भी की थी भूख हड़ताल, कांग्रेस सरकार में रहे थे मंत्री
लद्दाख के प्रसिद्ध इंजीनियर, पर्यावरणविद् और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक एक बार फिर चर्चा में हैं। वांगचुक 28 जून से नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनकी बिगड़ती सेहत को लेकर चिंता लगातार बढ़ रही है।
राष्ट्रीय राजधानी में उनका यह अनशन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के साथ चल रहा है। प्रदर्शनकारी NEET (UG) 2026 सहित अन्य परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। लेकिन बहुत सारे ऐसे लोग हैं जिन्हें यह नहीं पता कि आखिर सोनम वांगचुक हैं कौन?
