कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) पर तीखा निशाना साधते हुए हिंदुत्व की राजनीति को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि हिंदुत्व के नाम पर देश के सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित करने के साथ-साथ विभिन्न धर्मों के बीच दूरी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
दिग्विजय सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि वीएचपी के जरिए जुटाया जाने वाला चंदा भारतीय जनता पार्टी के चुनावी फंड में इस्तेमाल किया जा रहा है।
उनके इन आरोपों पर मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कड़ा पलटवार किया। सारंग ने दिग्विजय सिंह पर हिंदू धर्म, साधु-संतों और सनातन धर्म के अपमान का आरोप लगाते हुए उनके बयानों को आपत्तिजनक और तथ्यहीन बताया तथा कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए एक वीडियो में कांग्रेस नेता ने कहा कि देश की सार्वजनिक बहस लगातार हिंदुत्व के इर्द-गिर्द केंद्रित होती जा रही है। उनके मुताबिक, आरएसएस और वीएचपी की विचारधारा के कारण हिंदू-मुस्लिम, हिंदू-सिख और हिंदू-ईसाई समुदायों के बीच तनाव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारत सभी धर्मों और समुदायों का देश है तथा इसकी सबसे बड़ी ताकत विविधता में एकता है।
संगठनों पर लगाया राजनीतिक नजरिए के अनुरूप पेश करने का आरोप
दिग्विजय सिंह ने सनातन धर्म को लेकर भी आरएसएस और वीएचपी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि हिंदू शब्द वेद, उपनिषद और पुराण जैसे प्राचीन धार्मिक ग्रंथों में नहीं मिलता और आरोप लगाया कि इन संगठनों ने सनातन धर्म की अवधारणा को अपने राजनीतिक नजरिए के अनुरूप पेश किया है।
राम मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे को लेकर भी कांग्रेस नेता ने गंभीर वित्तीय आरोप लगाए। उन्होंने आरएसएस से जुड़े कार्यकर्ता बताते हुए चंपत राय पर राम शिलाओं के लिए जुटाए गए चंदे में कथित गड़बड़ी और राम मंदिर निर्माण के दौरान कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए। साथ ही उन्होंने दावा किया कि वीएचपी के जरिए प्राप्त चंदे का इस्तेमाल बीजेपी और आरएसएस के बड़े भवनों तथा चुनावी गतिविधियों में किया जा रहा है।
दिग्विजय सिंह के आरोपों पर मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस नेता पर हिंदू, साधु-संत और सनातन धर्म के लगातार अपमान का आरोप लगाते हुए उनके बयानों को तथ्यहीन और आपत्तिजनक बताया। सारंग ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए तुष्टिकरण की राजनीति की जा रही है और दिग्विजय सिंह के खिलाफ उनके कथित तथ्यहीन बयानों को लेकर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
