दिग्विजय सिंह ने की राजनाथ सिंह की तारीफ, कहा- इनसे सीखिए नरेंद्र मोदी जी
राजनाथ सिंह ने ये भी कहा कि "भारतीय युवाओं की मेधा उनकी प्रतिभा को बढ़ाने में भी पंडित जवाहर लाल नेहरु का अहम योगदान है। इसके लिए उन्होंने आईआईटी, आईआईएम और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस की स्थापना की।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने अपने ट्विटर हैंडल पर राजनाथ सिंह की एक पुरानी वीडियो शेयर कर उनकी तारीफ की है। इसके साथ ही पीएम मोदी को राजनाथ सिंह से सीख लेने की बात भी कही है। दरअसल इस वीडियो में राजनाथ सिंह एक कार्यक्रम के दौरान देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की तारीफ करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में राजनाथ सिंह ने कहा कि “भारत में प्रजातंत्र की इमारत को मजबूत बनाने वाला यदि कोई व्यक्ति है तो वो पंडित जवाहर लाल नेहरू हैं।” राजनाथ सिंह ने ये भी कहा कि “भारतीय युवाओं की मेधा उनकी प्रतिभा को बढ़ाने में भी पंडित जवाहर लाल नेहरु का अहम योगदान है। इसके लिए उन्होंने आईआईटी, आईआईएम और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस की स्थापना की। पंडित नेहरू इस बात को समझते थे कि जब तक भारत विज्ञान और प्रोद्योगिकी में ऊंचाईयों को नहीं छुएगा, तब तक भारत दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल नहीं हो पाएगा।”
इस वीडियो को साझा करते हुए दिग्विजय सिंह ने लिखा कि ‘धन्यवाद राजनाथ जी। इसी को स्टेट्समैनशिप कहते हैं। मोदी जी जरा राजनाथ जी से कुछ तो सीखिए!!’
धन्यवाद राजनाथ जी। इसी को Statesmanship कहते हैं। मोदी जी ज़रा राजनाथ जी से कुछ तो सीखिए!! pic.twitter.com/bSI8XW3KQF
— digvijaya singh (@digvijaya_28) September 19, 2020
इससे पहले दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को अपने एक ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। हालांकि इस दौरान वह ऐसा कुछ कह गए कि सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें ट्रोल कर दिया।
दिग्विजय सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा कि “मोदी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं ईश्वर उन्हें सदबुद्धि दें और वे मल्टीनेशनल व कॉर्पोरेट से हटकर मजदूर व किसान के बारे में भी सोचें। मेरा निवेदन है कि मोदी जी किसान व उपभोक्ताओं के हितों का ख्याल रखते हुए उनके हितों के विपरीत लाए अध्यादेश वापस लें और बेरोजगारों को रोजगार दें।”
उक्त यूजर्स की तरह ही कई अन्य यूजर्स ने भी दिग्विजय सिंह को निशाने पर ले लिया और उनके ट्वीट की आलोचना की।