Sharad Pawar News: उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का बारामती में विमान दुर्घटना में असमय निधन हो गया। अजीत पवार के निधन से न केवल राजनीतिक जगत में बल्कि सभी स्तरों पर गहरा शोक है। इसी बीच, अब एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि अजित पवार की इच्छा थी कि दोनों पार्टियों का विलय हो जाए।

अनुभवी नेता ने आगे दावा किया कि दोनों गुटों को एकजुट करना उनके दिवंगत भतीजे अजीत पवार की इच्छा थी और वे इस बारे में आशावादी थे। उन्होंने कहा, “अब हमें लगता है कि उनकी इच्छा पूरी होनी चाहिए। अजीत पवार, शशिकांत शिंदे और जयंत पाटिल ने दोनों गुटों के विलय की बातचीत शुरू की थी। विलय की तारीख भी तय हो गई थी। यह 12 फरवरी को निर्धारित थी। दुर्भाग्य से, अजीत इससे पहले ही हमें छोड़कर चले गए।” हालांकि, अब ऐसा लगता है कि ये प्रक्रिया बंद हो जाएगी।

सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण पर क्या बोले शरद पवार

सुनेत्रा पवार आज उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाली हैं। इस पर शरद पवार ने कहा, “मैंने सुनेत्रा पवार से इस बारे में कोई बातचीत नहीं की है। मुझे जो चर्चाएं सुनने को मिल रही हैं, वे मुंबई में चल रही हैं, मैं यहां (बारामती में) हूं। प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे पार्टी प्रमुख हैं, यह उनका अधिकार है। अब प्राथमिकता के आधार पर क्या किया जाना चाहिए? ऐसा लगता है कि उन्होंने इस पर फैसला कर लिया है। मैं शपथ ग्रहण से पहले या शपथ ग्रहण के दौरान कोई टिप्पणी नहीं करूंगा।”

ये भी पढ़ें: अजित पवार के साथ विमान में कौन-कौन था सवार? 

सुनेत्रा पवार लेंगी डिप्टी सीएम पद की शपथ

इसी बीच, राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार शनिवार तड़के मुंबई पहुंच गईं। वह अपने बेटे पार्थ के साथ दक्षिण मुंबई में अपने दिवंगत पति के आधिकारिक निवास देवगिरी पहुंचीं। महाराष्ट्र विधानसभा के किसी भी सदन की सदस्य न होने के बावजूद सुनेत्रा को शनिवार को मुंबई में होने वाली एक बैठक में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक दल का नेता चुने जाने की उम्मीद है। वह महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ भी लेंगी। 2024 के लोकसभा चुनावों तक, सुनेत्रा पवार ने राजनीति में ज्यादा सक्रियता नहीं दिखाई। उन्होंने अपने पति की पार्टी की उम्मीदवार के रूप में बारामती से लोकसभा चुनाव लड़ा , लेकिन एक हाई-प्रोफाइल मुकाबले में अपनी भाभी, मौजूदा एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले से हार गईं। सुनेत्रा पवार बाद में राज्यसभा के लिए चुनी गईं। बता दें कि शपथ ग्रहण के बाद सुनेत्रा पवार के सामने कई चुनौतियां होगीं। यहां पढ़ें पूरी खबर…