West Bengal Politics: तृणमूल कांग्रेस के सांसद यूसुफ पठान ने कहा कि ममता बनर्जी ने कभी भी उनसे लोकसभा सीट छोड़ने के लिए नहीं कहा है। पार्टी के किसी नेता ने उन्हें ऐसा कोई मैसेज नहीं दिया है। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने सौरव गांगुली से कहा है कि वह यूसुफ को लोकसभा सीट छोड़ने के लिए मनाएं।

भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी यूसुफ पठान ने एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में पठान ने कहा, “पिछले कई दिनों से एक न्यूज बहुत तेजी से वायरल हो रही है कि ममता बनर्जी ने यूसुफ पठान से कहा कि बहरामपुर लोकसभा सीट से इस्तीफा दे दें, ताकि वो वहां से लोकसभा का चुनाव लड़ सकें। मुझे ममता बनर्जी ने कभी भी ये बात नहीं की। हमारी लास्ट मीटिंग भी हुई थी वहां पर भी उन्होंने मुझसे यह बात नहीं कही।”

मुझसे किसी ने इस्तीफा देने के लिए नहीं कहा- यूसुफ पठान

यूसुफ पठान ने आगे कहा, “ना ही उन्होंने पार्टी के किसी ऑफिशियल किसी नेता से इस्तीफे वाली बात कहलवाई। ये बात सरासर गलत है और मुझे दुख होता है कि ऐसी कोई भी ऑफिशियल न्यूज नहीं है उसके बावजूद सोशल मीडिया और सभी मीडिया हाउस पर इस न्यूज पर बातें हो रही हैं और डिबेट हो रही है। मुझे ममता बनर्जी ने या पार्टी के किसी भी नेता ने अपने सांसद पद से इस्तीफा देने के लिए नहीं कहा है।”

सौरव गांगुली ने भी दी थी सफाई

वहीं भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी इस पर सफाई दी थी। गांगुली ने एक पत्र जारी कर लिखा, “मुझ पर आरोप लगाया गया था कि मैंने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से मिस्टर यूसुफ पठान से संपर्क किया था और उन्हें उनका यह संदेश दिया था कि वे उस निर्वाचन क्षेत्र के चुने हुए प्रतिनिधि के तौर पर अपने संवैधानिक पद से हट जाएं या इस्तीफ़ा दे दें, ताकि सुश्री बनर्जी वहां होने वाले उपचुनाव में चुनाव लड़ सकें। ये आरोप झूठे हैं। मैं मीडिया से गुज़ारिश करूंगा कि वे अफवाहों और अटकलों पर ध्यान न दें।” यहां क्लिक कर पढ़ें सौरव गांगुली का पूरा बयान…