कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित फ्रीडम पार्क में गुरुवार को चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आयोजित ‘जनता न्यायालय’ प्रदर्शन में यूट्यूबर और सोशल मीडिया एक्टिविस्ट ध्रुव राठी ने हिस्सा लिया।

इस दौरान उन्होंने SIR को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाए और अपने ऊपर लगाए जा रहे राजनीतिक आरोपों पर भी सफाई दी। राठी ने कहा कि वह यहां किसी सरकार या शासन व्यवस्था को बदलने नहीं आए हैं।

‘रिजीम चेंज कराने नहीं आया हूं’

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ध्रुव राठी ने कहा कि सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि वह बेंगलुरु में ‘रिजीम चेंज’ कराने और सरकार बदलने आए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा उनका इरादा नहीं है।

राठी ने कहा, “मैं रिजीम चेंज नहीं करना चाहता, मैं सरकार नहीं बदलना चाहता। और न ही मुझे एलन मस्क ने और न ही जॉर्ज सोरोस ने फंड किया है। खुद के पैसों से आया हूं यहां पर।” उन्होंने कहा कि यह उनका पहला प्रोटेस्ट है और पहली बार वह बेंगलुरु आए हैं। उन्होंने प्रदर्शन में मौजूद लोगों के उत्साह की भी तारीफ की।

‘पूरी जनता को तकलीफ है’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए राठी ने कहा कि शायद प्रधानमंत्री सोच रहे होंगे कि “इस सज्जन को क्या तकलीफ है।” इसके जवाब में उन्होंने कहा कि समस्या सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि ‘पूरी जनता’ और ‘पूरे देश’ की है।

उन्होंने खास तौर पर बीजेपी समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि चाहे कोई बीजेपी को वोट देता हो, कांग्रेस को या किसी अन्य पार्टी को, चुनाव और वोट देने का अधिकार हर नागरिक से जुड़ा मुद्दा है।

राठी ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को लगता है कि देश के हर नागरिक को वोट देने का अधिकार मिलना चाहिए, तो उसे भी इस मुद्दे पर होने वाले प्रदर्शन का समर्थन करना चाहिए।

SIR को लेकर चुनाव आयोग पर लगाए सवाल

ध्रुव राठी ने अपने भाषण में मतदाता सूची में नाम हटाए जाने और जोड़े जाने को लेकर तीन उदाहरण गिनाए। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले करीब 70 हजार मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे और चुनाव के बाद उन्हें फिर से सूची में जोड़ दिया गया। राठी ने सवाल उठाया कि अगर इन मतदाताओं को बाद में दोबारा सूची में शामिल किया गया, तो चुनाव के दौरान उनके नाम क्यों नहीं थे।

उन्होंने बिहार में करीब 65 लाख नाम हटाए जाने का भी जिक्र किया और चुनाव आयोग पर इन नामों और उनके विवरण को लेकर पर्याप्त पारदर्शिता नहीं बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ही इन नामों को सार्वजनिक करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी।

यूपी और गोवा का भी किया जिक्र

राठी ने उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में करीब 14 लाख नाम जोड़े जाने का दावा करते हुए सवाल उठाया कि नए जोड़े गए मतदाताओं के नाम और उनके बारे में पर्याप्त जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की गई।

उन्होंने गोवा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां करीब 100 मतदाताओं के नाम जोड़ने में अधिकारियों को सॉफ्टवेयर से जुड़ी समस्या का सामना करना पड़ा। राठी ने इन घटनाओं का हवाला देते हुए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की।

कर्नाटक की सिविल सोसाइटी की तारीफ

राठी ने प्रदर्शन में मौजूद कर्नाटक की सिविल सोसाइटी संगठनों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 10 दिनों में इन संगठनों ने अलग-अलग जिलों में जाकर उन लोगों से मुलाकात की, जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं या जिन्हें मृत घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को मंच पर लाकर कथित ग्राउंड-लेवल सबूत पेश किए गए हैं।

‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के लगे नारे

अपने भाषण के दौरान ध्रुव राठी ने भीड़ के साथ ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। राठी ने कहा कि यह किसी राजनीतिक पार्टी की ओर से किया जा रहा आंदोलन नहीं है और उन्होंने खुद को ‘एक आम नागरिक’ के तौर पर इस मुद्दे पर बोलने वाला बताया।

प्रदर्शन में एक्टर-कार्यकर्ता प्रकाश राज और CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके भी शामिल हुए। इस कार्यक्रम में प्रदर्शनकारियों ने SIR को लेकर कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग की।

यह भी पढ़ें: देशभर में SIR के खिलाफ प्रदर्शन, कहीं राहुल-प्रियंका का मार्च तो कहीं तेजस्वी का हल्लाबोल, बेंगलुरु में ध्रुव राठी-प्रकाश राज का विरोध, देखें तस्वीरें

चुनाव आयोग की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया को लेकर देशभर में सियासी घमासान तेज हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर गुरुवार को कई राज्यों में विपक्षी दलों और उनके समर्थकों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।