पश्चिम बंगाल में बुधवार को अंतिम चरण के मतदान की प्रक्रिया पूरी हो गई। देर शाम पश्चिम बंगाल, असम, केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु के चुनाव को देखते हुए एक्जिट पोल के आंकड़े जारी किए गए। सभी राज्यों के परिणाम 4 मई को जारी किए जाएंगे। एग्जिट पोल आने के बाद भाजपा के नेताओं ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने की बात कही है।

पश्चिम बंगाल में मतदान खत्म होने के बाद गुरुवार सुबह केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नरसिंहा जयंती के मौके पर कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंचे और उन्होंने भगवान के दर्शन किए।

भाजपा की सरकार बनना तय- धर्मेंद्र प्रधान

इसके बाद उन्होंने कहा, “किसी के मन में संदेह नहीं है, चाहे बंगाल हो या असम, भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनना तय है।”

आगे धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, पुडुचेरी में एनडीए की सरकार बनेगी। तमिलनाडु में भी स्थिति अच्छी रहेगी। केरल में भारतीय जनता पार्टी एक बड़ी शक्ति के रूप में उभर रही है।

टीएमसी के खिलाफ बदलाव- उत्तराखंड के सीएम

एग्जिट पोल को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, टीएमसी के खिलाफ बदलाव की एक स्पष्ट लहर दिखाई दे रही है। एग्जिट पोल भी यही इशारा कर रहे हैं। जब वोटों की गिनती होगी, बंगाल में डबल इंजन (भाजपा) की सरकार बनेगी।

बंगाल में आएगी भाजपा- रामदास अठावले

चंडीगढ़ पहुंचे केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने भी एग्जिट पोल को लेकर दावा किया कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल का चुनाव हमारे लिए बहुत अहम है। बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और हम सभी ने ममता बनर्जी को सत्ता से हटाने के साथ ‘सोनार बांग्ला’ बनाने के लिए भी काफी प्रयास किए हैं।”

सब लोग झालमुड़ी खाएंगे- कपिल मिश्रा

वहीं, एग्जिट पोल को लेकर दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, “4 मई आ रहा है, और हर तरफ भगवा रंग नजर आ रहा है। लोगों का मिजाज अब समझा जा सकता है। मुझे लगता है कि हमें 4 तारीख की शाम का इंतजार करना चाहिए; सब लोग झालमुड़ी खाएंगे, सब लोग जलेबी खाएंगे।”

एग्जिट पोल पर भरोसा नहीं- भाजपा नेता

पटना में भाजपा नेता राम कृपाल ने एग्जिट पोल कहा, “मुझे एग्जिट पोल्स पर अधिक भरोसा नहीं है, लेकिन यह सच है कि असम में हमारी सरकार पक्का बनेगी, और पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस जाएगी और भारतीय जनता पार्टी आएगी। यह तय है।”

आगे राम कृपाल ने कहा, “लोग भाजपा की नीतियों और विचारधारा के साथ-साथ प्रधानमंत्री के नेतृत्व और छवि की ओर खींच रहे हैं। उन्हें लगता है कि पार्टी में शामिल होने से उनका भविष्य सुरक्षित होगा।”

यह भी पढ़ें: Poll of Exit Polls 2026: बंगाल में ‘परिबर्तन’ के संकेत, तमिलनाडु में विजय की TVK दे सकती है सरप्राइज, असम में BJP की बढ़त, केरल में LDF की होगी हार?

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की 15 साल पुरानी सरकार क्या अपने अंत की तरफ है? बुधवार को आए एग्जिट पोल में हर विधानसभा का संकेत मिल रहा है जिससे ये कयास लगाए जा रहे हैं कि बंगाल में इस बार ‘परिबर्तन’ देखने को मिल सकता है। अधिकतर एग्जिट पोल्स में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) और बीजेपी में कांटे की टक्कर दिखी। एक एग्जिट पोल में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। तमिलनाडु में अभिनेता से राजनेता बने विजय की टीवीके आखिरकार दक्षिण के इस राज्य में डीएमके-एआईडीएमके का वर्चस्व खत्म कर सकती है और सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभर सकती है। हालांकि, अधिकतर एग्जिट पोल में डीएमके-कांग्रेस के गठबंधन को राज्य में स्पष्ट बढ़त मिलते दिखाया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें