केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर छात्रों के मुद्दे को राजनीति के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार नीट (NEET) से जुड़े सभी मुद्दों और युवाओं की हर जायज चिंता पर संसद में विस्तृत चर्चा करने के लिए पूरी तरह तैयार है लेकिन कांग्रेस समाधान के बजाय राजनीतिक टकराव चाहती है।

धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि राहुल गांधी और कांग्रेस मानसून सत्र के दौरान व्यवधान पैदा करने के लिए छात्रों को ‘राजनीतिक हथियार’ की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास के बाहर धरना देकर कांग्रेस ने आम लोगों को परेशानी में डाला और सुरक्षा प्रोटोकॉल की भी अनदेखी की।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार ने संसद में व्यापक चर्चा की पेशकश की थी लेकिन कांग्रेस ने लोकतांत्रिक बहस के बजाय राजनीतिक प्रदर्शन को चुना। उनके अनुसार, कांग्रेस का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं बल्कि राजनीतिक सुर्खियां बटोरना है।

प्रधान ने कहा, ”राहुल गांधी के लिए यह मुद्दा छात्रों का नहीं बल्कि चर्चा के सभी रास्ते खुले होने के बावजूद टकराव की राजनीति करने का है।”

उन्होंने कहा कि भारत के छात्र किसी भी राजनीतिक अभियान के मोहरे नहीं हैं और वे बेहतर व्यवहार के हकदार हैं। सरकार NEET से जुड़े मुद्दों पर जवाब, सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना दिया। कांग्रेस ने NEET पेपर लीक मामले में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से अलग राहुल गांधी PM आवास क्यों पहुंचे? समझिए इसके पीछे की रणनीति

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद तक मार्च कर रहे युवाओं को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके अगले दिन यानी मंगलवार को विपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घर के पास धरना देकर सरकार पर दबाव और बढ़ा दिया। हालांकि, पुलिस ने तीन घंटे के भीतर ही इस विरोध-प्रदर्शन को खत्म करवा दिया और विपक्ष के बड़े नेताओं को हिरासत में ले लिया। समझिए पूरी खबर..