Ramlila Maidan Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली के बीच चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने व्यापार और परिवहन पर संभावित असर को लेकर राहुल गांधी को चौथा पत्र लिखा है। सीटीआई ने दावा किया कि इस रैली के चलते दिल्ली के व्यापार पर बड़े पैमाने पर असर पड़ने की संभावना है।

सीटीआई के चेयरमैन ब्रजेश गोयल ने कहा, “आपने आज रैली में आने वाले लोगों से अपील की है कि वे दिल्ली के बाजारों में जाकर खरीददारी करें। सीटीआई इस अपील का स्वागत करता है, लेकिन जमीन पर स्थिति बिल्कुल विपरीत है। रैली के कारण इतना ज्यादा पैनिक फैल चुका है जिसके कारण रामलीला मैदान के आसपास के 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले बाजारों में लगभग 3 लाख दुकानों में से लगभग 2.5 लाख दुकानें (80%) बंद रहने के आसार हैं। जब दुकानें ही बंद रहेंगी तो रैली में शामिल होने वाले खरीददारी करने कहां जाएंगे।”

हम बीजेपी के एजेंट नहीं- सीटीआई

सीटीआई ने अपने पत्र में कहा, “हमें बीजेपी का एजेंट बताया जा रहा है। 100 बड़ी मार्केट एसोसिएशन ने आपसे रैली टालने की अपील की थी। ये सब किसी पार्टी के एजेंट नहीं हैं, ये दिल्ली के व्यापारी हैं। इनका काम व्यापार करना है, राजनीति नहीं। हम किसी पार्टी के पक्ष या विपक्ष में नहीं हैं, हम दिवाली के पीक सीजन में अपनी रोजी-रोटी बचाने की गुहार लगा रहे थे।”

आज लगभग 2.5 लाख दुकानें बंद रहेंगी- ब्रजेश गोयल

सीटीआई के चेयरमैन ब्रजेश गोयल ने आगे कहा, “रामलीला मैदान के 5 किलोमीटर के दायरे में जो बड़े बाजार हैं, कश्मीरी गेट, मोरी गेट, जनपथ, चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, खारी बावली, नया बाजार, सदर बाजार, अजमेरी गेट, दरियागंज, पहाड़गंज, कमला मार्केट, जामा मस्जिद, भागीरथ पैलेस, लाजपत राय मार्केट, किनारी बाजार, दरिबा कलां, बल्लीमारान, फतेहपुरी, तिलक बाजार, कनॉट प्लेस, पालिका बाजार, गफ्फार मार्केट – इनमें लगभग 3 लाख दुकानें हैं, जो सूचना हमें सुबह से मिल रही है, उसके हिसाब से आज लगभग 2.5 लाख दुकानें बंद रहेंगी और 80% व्यापार पूरी तरह ठप रहेगा। सेंट्रल दिल्ली और मध्य दिल्ली पूरी तरह जाम और चोक रहने की आशंका है।”

धनतेरस का माल गोदाम में पड़ा है, दुकान तक नहीं पहुंच पा रहा- सीटीआई

सीटीआई के चेयरमैन ब्रजेश गोयल ने कहा, “सबसे बड़ा संकट ट्रांसपोर्ट का है। आज रामलीला मैदान के इर्द-गिर्द 10 किलोमीटर के दायरे में जितने भी ट्रांसपोर्ट हैं, वो लगभग बंद रहेंगे। लोडिंग-अनलोडिंग नहीं होगी, माल की आवाजाही नहीं होगी, गाड़ियां माल लेकर आ-जा नहीं पाएंगी। रोजाना रेतला, बचाना, ओखला, मायापुरी, मुंडका, उद्योग नगर सहित 56 इंडस्ट्रियल एरिया से 5000 ट्रक-टेम्पो माल लेकर इन बाजारों में आते हैं और यहां से 3000 ट्रक NCR समेत पूरे देश में जाते हैं, आज वो सारी चेन टूट गई है। धनतेरस का माल गोदाम में पड़ा है, दुकान तक नहीं पहुंच पा रहा।”

यह भी पढ़ें: ‘प्रदर्शन कीजिए और साथ में थोड़ी खरीदारी भी…’, रामलीला मैदान में महारैली से पहले राहुल गांधी की अपील

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की विशाल रैली में शामिल होने वालों से अपील की है कि वे दिल्ली के बाजारों में जाकर त्योहारों की खरीदारी करें और स्थानीय दुकानदारों का समर्थन करें। व्यापार संघों ने आर्थिक कामकाज में संभावित रुकावटों को लेकर चिंता जताई थी, जिस पर राहुल गांधी ने कहा कि इस बड़े प्रदर्शन से व्यापारियों को नुकसान नहीं होगा, बल्कि उन्हें आर्थिक फायदा ही होगा और उनकी त्योहारों की बिक्री बढ़ेगी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…