Tripura DGP Anurag Dhankar Suicide News: त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ अगरतला स्थित पुलिस मुख्यालय में मृत पाए गए हैं। 1994 बैच के IPS अधिकारी अनुराग धनखड़ को जीपी पंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उखरुल टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ ने कथित रूप से सुसाइड कर लिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही त्रिपुरा पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी तुरंत अस्पताल पहुंचे।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, गोविंद बल्लभ पंत अस्पताल के मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ प्रदीप भौमिक ने बताया कि पुलिस महानिदेशक को दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल लाया गया। भौमिक ने कहा, ”उन्हें 12.48 बजे मृत घोषित कर दिया गया।” उन्होंने कहा, ”मृत्यु का कारण पोस्टमॉर्टम के बाद ही पता चलेगा।”
1994 बैच के IPS अधिकारी थे अनुराग धनखड़
धनखड़ 1994 बैच के IPS अधिकारी थे। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटी हैं। मुख्य सचिव जे के सिन्हा, स्वास्थ्य सचिव किरण गित्ते और सरकार के अन्य शीर्ष अधिकारी उनके निधन की खबर मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे।
कुछ खबरों में दावा किया गया है कि पुलिस महानिदेशक ने खुदकुशी कर ली, वहीं विपक्ष के नेता जितेंद्र चौधरी ने कहा, ”अगर कोई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आत्महत्या करता है, तो यह राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है। हम न्यायिक जांच की मांग करते हैं ताकि मौत कैसे हुई और क्या कारण रहे, इसका पता चल सके।”
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की त्रिपुरा इकाई के अध्यक्ष अभिषेक देबरॉय ने डीजीपी की मौत पर दुख जताया और कहा कि उनकी मृत्यु का कारण पोस्टमॉर्टम के बाद ही पता चलेगा। उन्होंने कहा, ”वह सोमवार को अपने दफ्तर में मृत मिले। घटना की मजिस्ट्रेट स्तर की जांच होगी। जल्द ही सच सामने आ जाएगा।”
