दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट के ओवरहेड लगेज कम्पार्टमेंट में रखे पावरबैंक में लगी आग की घटना के बाद DGCA ने एक बड़ा फैसला लिया है। दरअसल, नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने फ्लाइट में पावर बैंक ले जाने पर रोक लगा दी है।
डीजीसीए ने फ्लाइट में MOBIKINS MK-PB-04 पावरबैंक को ले जाने पर रोक लगाई है। इस फैसले के बाद भारत आने-जाने वाली और देश के भीतर चलने वाली सभी यात्री और कार्गो फ्लाइट में पावरबैंक ले जाने की परमिशन नहीं होगी। यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
बैगेज और कार्गो दोनों फ्लाइट पर लागू होगा आदेश
यह रोक पैसेंजर बैगेज और कार्गो दोनों फ्लाइटों पर लागू होगी। इस स्टेप के बाद पोर्टेबल बैटरी के लिए ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) की कम्पलसरी रजिस्ट्रेशन स्कीम (CRS) के जरूरी पालन को और सख्ती से लागू करने की मांग उठी है।
सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी
सोशल प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में बैंगलोर एविएशन (@BLRAviation) ने कहा कि यह बैन पोर्टेबल बैटरी के लिए जरूरी BIS सर्टिफिकेशन को और सख्ती से लागू करने की जरूरत पर ज़ोर देता है। पोस्ट में बताया गया कि MOBIKINS BIS रजिस्ट्रेशन डेटाबेस में नहीं था और कंज्यूमर्स से पोर्टेबल बैटरी खरीदने से पहले ऑफिशियल CRS पोर्टल पर जरूरी “R-xxxx” BIS रजिस्ट्रेशन नंबर वेरिफाई करने का आग्रह किया गया था।
डीजीसीए ने ये जरूरी कदम उठाने की कही बात
बता दें कि DGCA ने पावर बैंक के MOBIKINS MK-PB-04 मॉडल को विमान में ले जाने पर रोक लगा दी है। डीजीसीए ने एयरलाइंस को निर्देश दिया गया है कि वे जांच के दौरान इस मॉडल की पहचान करें और इसे विमान में ले जाने से रोकें। साथ ही यात्रियों को उचित माध्यमों से सुरक्षा संबंधी सूचना दें। विमान में इसके लाने को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।
बता दें कि फ्लाइट में पावरबैंक के अलावा भी विमान में कई ऐसी चीजें ले जाने पर रोक है जो आग, विस्फोट या यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती हैं। हालांकि, कुछ चीजों पर पूरी तरह रोक है, जबकि कुछ को तय मात्रा और शर्तों के साथ ले जाने की अनुमति मिलती है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, ओवरहेड लगेज कम्पार्टमेंट में पावर बैंक फटने से लगी आग
दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ़्लाइट को हैदराबाद एयरपोर्ट में इमरजेंसी लैंडिग कराई गई है। बताया जा रहा कि फ्लाइट में ओवरहेड लगेज कम्पार्टमेंट में रखा एक पवार बैंक में आग लग गई। इसके बाद हवा में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इंडिगो की फ्लाइट 6E-6115 के केबिन क्रू ने आगे बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया और फ्लाइट को सुरक्षित हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट में उतारा गया। सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। अधिकारियों ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
