झारखंड के रांची में छात्रों के समर्थन में अनशन कर रहे देवेंद्र नाथ महतो से बुधवार सुबह सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से वीडियो कॉल पर बात की। सोनम वांगचुक की अपील पर देवेंद्र नाथ महतो ने पानी पिया लेकिन उनकी भूख हड़ताल जारी है। देवेंद्र महतो ने बताया कि सोनम वांगचुक ने उनका मनोबल बढ़ाया।
देवेंद्र नाथ महतो के अनशन का आज चौथा दिन था। आज सुबह ही उन्होंने बताया कि अनशन का शरीर के कई अंगों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा था। देवेंद्र नाथ महतो JPSC, JSSC CGL और दूसरी कई प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
डॉक्टर ने दी थी चेतावनी- देवेंद्र नाथ महतो
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा, “हम 25 जुलाई से सत्याग्रह कर रहे हैं। मैं 2 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठा हूं। मैं बहुत थक गया था, यह एक नाजुक समय था। यहां 26 सालों से पेपर लीक हो रहे हैं। कल डॉक्टर ने चेतावनी दी कि अगर मैंने पानी नहीं पिया, तो मुझे अस्पताल में भर्ती होना पड़ेगा।”
‘पानी पी लीजिए’
एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने देवेंद्र महतो से कहा, “कृपया थोड़ा पानी पी लीजिए; यह आत्महत्या के बराबर है। आपको कुछ समय चाहिए, लेकिन इसमें 2-3 हफ़्ते भी लग सकते हैं और मुझे उम्मीद है कि सरकार बात समझेगी और सही फ़ैसला लेगी।”
कौन हैं देवेंद्र नाथ महतो?
देवेंद्र नाथ महतो रांची के एक छोटे से गांव के छात्र लीडर हैं। उन्होंने रांची में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा हासिल की। साथ ही बुंडू में अपनी स्कूलिंग पूरी की थी। देवेंद्र नाथ महतो ने संस्कृत के साथ-साथ कुरमाली, ट्राइबल और रीजनल भाषाओं में पोस्टग्रेजुएट की डिग्री हासिल की थी। देवेंद्र महतो के पास हजारीबाग से बैचलर ऑफ एजुकेशन (B.Ed.) की डिग्री भी है।
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने 2024 के लोकसभा चुनाव में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के बैनर तले रांची सीट से लड़ा था। चुनाव में उन्हें 1,32,647 वोट मिले थे। देवेंद्र नाथ महतो ने 2024 का झारखंड विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें 41,725 वोट हासिल हुए थे और तीसरे नंबर पर रहे थे। महतो के चुनावी हलफनामे के अनुसार उनके पास करीब 1.66 लाख रुपये की संपत्ति है इसके अलावा छात्र आंदोलनों और विरोध-प्रदर्शनों में सक्रियता के कारण उन पर 11 मामले भी दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें- ‘जब 56 इंच वाला झुक गया तो… ’
नीट पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुआ कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन तो धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद खत्म हो गया लेकिन अब झारखंड में छात्रों का आंदोलन खड़ा हो चुका है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
