जम्मू कश्मीर के उप मुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी ने मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, कमल के खिलने का एक मौसम होता है, वह साल भर नहीं खिलता। राम माधव केंद्रशासित प्रदेश में दौर पर पहुंचे हैं।

भाजपा नेता का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब नेशनल कॉन्फ्रेस के सांसद सैयद आगा रुहुल्लाह मेहदी ने पार्टी और सांसद पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर आरोप लगाया है कि पार्टी ने चुनाव के दौरान किए आर्टिकल 370 बहाल करवाने जैसे अहम वादों को भुला दिया है, जिनमें आर्टिकल 370 की बहाली का वादा भी शामिल हैं।

राममाधव ने क्या कहा?

राम माधव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “एनसी के आंतरिक मामले में हमारा (भाजपा) कोई हस्तक्षेप नहीं है। हमारे एमएलए जो भी कहते हो, वो अलग बात है, ये एनसी का आंतरिक मामला है। वो अपने आप आपस में लड़ रहे हैं।”

आगे कहा, “उनका अपना ही एक सांसद सामने आया है और कुलगाम व अन्य जगहों पर कार्यक्रम कर रहा है। इससे हमारा क्या लेना-देना? रही बात सरकार बनाने की, तो मैंने पहले ही कहा है कि जब आप किसी पुल के पास पहुँचते हैं, तभी उसे पार करते हैं।”

राम माधव पार्टी के प्रमुख रणनीतिकार हैं, उन्होंने जम्मू कश्मीर में पार्टी के कामकाज और चुनावी गतिविधियों को संभाल रखा है। उन्होंने 2015 में भाजपा-पीडीपी गठबंधन सरकार और उसके कॉमन मिनिमम प्रोग्राम को तैयार करने में अहम भूमिका निभाई।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, केंद्रशासित प्रदेश में राजनीतिक घटनाक्रम और राम माधव के दौरे को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए सुरेंद्र चौधरी ने कहा, “हर चीज का एक वक्त होता, मुझे लगता है कि ऐसी चर्चाओं के लिए यह सही समय है।” भाजपा के चुनाव चिन्ह पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि हर फूल का अपना मौसम होता है। उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, “सर्दियां आ रही हैं। कमल खिलेगा, मुरझाएगा और चला जाएगा।”

सबकुछ ठीक चल रहा- सुरेंद्र चौधरी

सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि उन्हें राम माधव के तय कार्यक्रम के बारे में कोई जानकारी नहीं है और न ही यह पता है कि वह राजनीतिक नेताओं से बातचीत करने आ रहे हैं या मीडियाकर्मियों से मिलने। उन्होंने कहा, “हो सकता है कि वह बातचीत करने, मीडिया से मिलने या आप लोगों से मिलने आ रहे हैं। मुझे नहीं पता। हमारे पास ऐसे किसी कार्यक्रम के बारे में कोई जानकारी नहीं हैं।”

जम्मू कश्मीर में चल रही राजनीतिक गतिविधियों के बारे में पूछे जाने पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सब कुछ ठीक चल रहा है।

2024 में एनसी की टिकट पर लोकसभा सांसद बने रुहुल्लाह ने अपने समर्थकों के सामने 80 मिनट के भाषण के दौरान जम्मू-कश्मीर में एक नया राजनीतिक संगठन बनाने का संकेत दिया। यह घटनाक्रम हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद एनसी विधायकों के बीच सामने आए असंतोष के बीच हुआ है।

यह भी पढ़ें: क्या रुहुल्लाह मेहदी की वजह से कश्मीर में बटेंगे मुस्लिम वोट? NC से अलग होने के बाद दिया हर सवाल का जवाब

श्रीनगर के सांसद आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी ने मंगलवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस और संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से इस्तीफा दे दिया है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पार्टी नेतृत्व के साथ लगातार मतभेदों के बीच उन्होंने यह कदम उठाया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें