देश की राजधानी में दिल्ली से एक शर्मनाक और चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप के मुताबिक एक 20 साल की लड़की का अपहरण कर उसके साथ छेड़छाड़ की गई। सामने आये वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कई औरतों से घिरी उस लड़की के चेहरे को कालिख से पोता गया है और गलियों में घुमाया जा रहा है।
वीडियो दिल्ली के कस्तूरबा नगर इलाके का बताया जा रहा है। लड़की के साथ हुई इस बदसलूकी को लेकर उसकी छोटी बहन ने पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस उस लड़की को भीड़ से निकालकर अपने साथ ले गई। बता दें कि लड़की के चेहरे पर कालिख पोतने के साथ उसके बाल भी काटे गए हैं।
स्वाति मालिवाल ने जारी किया नोटिस: इस वीडियो को ट्विटर पर शेयर करते हुए दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने लिखा, “कस्तूरबा नगर में 20 साल की लड़की का अवैध शराब बेचने वालों द्वारा गैंगरेप किया गया, उसे गंजा कर, चप्पल की माला पहना पूरे इलाक़े में मुँह काला करके घुमाया। मैं दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर रही हूं। सब अपराधी आदमी औरतों को अरेस्ट किया जाए और लड़की और उसके परिवार को सुरक्षा दी जाए।”
केजरीवाल ने क्या कहा: स्वाति मालिवाल के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसे बेहद शर्मनाक बताया। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से कार्रवाई की मांग को लेकर लिखा, “ये बेहद शर्मनाक है। अपराधियों की इतनी हिम्मत हो कैसे गई? केंद्रीय गृहमंत्री जी और उपराज्यपाल जी से मैं आग्रह करता हूँ कि पुलिस को सख़्त एक्शन लेने के निर्देश दें, क़ानून व्यवस्था पर ध्यान दें। दिल्लीवासी इस तरह के जघन्य अपराध और अपराधियों को किसी भी क़ीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
बता दें कि इस मामले में पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते इस तरह की घटना महिला के साथ हुई है। पीड़िता शादीशुदा है। उसका एक बच्चा भी है। महिला के परिवार का आरोप है कि बगल में रहने वाला एक शख्स इस महिला के पीछे पड़ा हुआ था। वो इससे एक तरफा प्यार करता था।
पुलिस कर रही है जांच: इसके चलते उस लड़के ने 12 नवंबर को आत्महत्या कर ली थी। लड़के के परिवार वालों को लगता है कि आत्महत्या के पीछे का कारण यह लड़की है। बता दें कि पुलिस मामले की सभी एंगल से जांच कर रही है।