दिल्ली के कुछ हिस्सों में मंगलवार शाम को तेज धूल भरी हवाएं चलने के बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शहर के कई हिस्सों में बिजली चमकने, ओलावृष्टि और बारिश को लेकर ‘रेड’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया। आईएमडी के जिला स्तरीय पूर्वानुमान के अनुसार, शहर के कुछ हिस्सों में गरज के साथ मध्यम बारिश और बिजली चमकने और ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है।
वहीं, अन्य हिस्सों में 40-50 किमी प्रति घंटा की हवा की गति के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने का प्रबल अनुमान है। उत्तरी दिल्ली के बाहरी इलाकों, उत्तर पश्चिम और उत्तर पूर्वी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने के साथ-साथ तेज हवाओं की आशंका है। वहीं, दिल्ली के अन्य हिस्सों के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया गया है।
इससे पहले, दिल्ली में मंगलवार की सुबह हल्की गर्मी रही और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस मौसम के औसत तापमान से 1.6 डिग्री अधिक है। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, मंगलवार को सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 161 था और एयर क्वालिटी मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई।
केरल में मानसून सक्रिय
वहीं, दूसरी ओर केरल के कई हिस्सों में मंगलवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिससे विशेष रूप से राज्य के उत्तरी जिलों में व्यापक जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। कुछ क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय है। रातभर हुई मूसलाधार बारिश से कोझिकोड जिले के शहरी और पहाड़ी दोनों क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ।
त्रिशूर जिले में संभावित भूस्खलन की आशंका के मद्देनजर अधिकारियों ने मट्टाथुर ग्राम पंचायत के अरेश्वरम क्षेत्र से पांच परिवारों को स्थानीय सरकारी विद्यालय में बनाए गए राहत शिविर में स्थानांतरित कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह अचानक आई तेज हवाओं के कारण त्रिशूर जिले के कुछ हिस्सों में पेड़ उखड़ गए और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
तमिलनाडु में भारी बारिश होने की संभावना
तमिलनाडु में दक्षिण-पश्चिम मानसून के चलते मंगलवार से 10 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) के लेटेस्ट बुलेटिन के अनुसार, धर्मपुरी, सलेम, इरोड, नीलगिरि, कोयंबटूर, तिरुपुर, डिंडीगुल, थेनी, कन्याकुमारी और तिरुनेलवेली जिलों के पश्चिमी घाट में 12 जून तक बारिश होगी।
यह भी पढ़ें: यमुना सफाई के लिए गृह मंत्री अमित शाह ने तय की समय सीमा
यमुना सफाई के लिए अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोर्चा संभाल लिया है। दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह ने यमुना सफाई पर एक बैठक की अध्यक्षता की। अमित शाह ने सोमवार को 20 दिन के सख्त रिव्यू साइकिल को जरूरी कर दिया और एक बड़ा रोडमैप पेश किया। इसके तहत 2027 तक 59 नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाएंगे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
