दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप और गर्मी के बीच रातें और भी गर्म हो गईं हैं। आईएमडी ने शुक्रवार तक तेज हवाओं और ओलावृष्टि की आशंका जताई है। आईएमडी ने गुरुवार को भी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और तेज हवाएं चलने की संभावना है। शाम या रात के समय हल्की से मध्यम बारिश, गरज, बिजली, धूल भरी आंधी और तेज हवाओं की संभावना है।

NDMA ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि अगले तीन घंटों में दिल्ली-एनसीआर में अलग-अलग स्थानों पर तेज आंधी-तूफान के साथ बिजली कड़कने, मध्यम से भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में आंधी, बारिश

13 जून तक दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ आंधी और 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 14 जून को शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और दोपहर या शाम के समय गरज के साथ आंधी आने की संभावना है।

मौसम विज्ञान विभाग ने 11-12 जून के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में गरज के साथ तेज हवाओं का पूर्वानुमान लगाया है, जिनकी गति 60-70 किमी प्रति घंटा और 80 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। इसी अवधि के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों में छिटपुट ओलावृष्टि की भी संभावना है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून कब दिल्ली पहुंचेगा?

दक्षिण-पश्चिम मानसून 11 जून को कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल के साथ बिहार के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा। पूर्वानुमान के अनुसार, यह 30 जून तक दिल्ली तक पहुंच जाएगा।

यूपी में बारिश

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली और कई जिलों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य में आगे भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है।

केरल में भारी बारिश

केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को राज्य के चार जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को एर्नाकुलम, त्रिशूर, कोझिकोड और कन्नूर जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जबकि सात अन्य जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

मौसम विभाग ने राज्य में 15 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान भी जताया है। इससे पहले, आईएमडी ने सुबह जारी अपने पूर्वानुमान में दिन के दौरान केरल के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई थी। मौसम एजेंसी ने कई अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली-एनसीआर में प्री-मानसून बारिश की दस्तक

मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार, गुरुवार (11 जून) से मानसून-पूर्व (Pre-Monsoon) गतिविधियों में तेजी आने वाली है, जिससे दिल्ली और आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। इसके चलते लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें