मौसम विभाग ने देश की राजधानी दिल्ली के लिए गुरुवार और शुक्रवार को हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस बीच दिल्ली में बुधवार को तापमान में मामूली वृद्धि देखी गई। हालांकि अगले दो दिनों तक कई स्थानों पर हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है। अधिकारियों ने कहा कि शहर के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक और पिछले दिन की तुलना में 1.2 डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक और मंगलवार की तुलना में 0.8 डिग्री अधिक था।

पालम में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 1.8 डिग्री अधिक था। पालम का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम और मंगलवार की तुलना में 0.6 डिग्री अधिक था। लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस था, जो एक दिन पहले की तुलना में 1.2 डिग्री अधिक था और बुधवार को रिज पर अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस था, जो मंगलवार से 0.2 डिग्री कम है।

गुरुवार को बारिश का अनुमान

आईएमडी ने गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, “आमतौर पर गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद है। कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश संभव है। साथ ही दोपहर से शाम तक गरज के साथ बौछारें, बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती हैं।”

अधिकारी ने कहा कि रात के समय भी कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

एक्यूआई का हाल

वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने बताया कि शाम 4 बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 181 (मध्यम) था, जो मंगलवार को इसी समय 158 (मध्यम) था। सीपीसीबी मानकों के अनुसार, 0-50 का एक्यूआई अच्छा, 51-100 संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 खराब, 301-400 बहुत खराब और 401-500 गंभीर माना जाता है।

यह भी पढ़ें-राहुल गांधी को हिरासत में लेने के बीच समझें ‘गिरफ्तारी’ और ‘हिरासत’ का फर्क, क्या हैं नागरिकों के अधिकार? EXPLAINED

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग को लेकर नई दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस ने बुधवार को हिरासत में ले लिया। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में गड़बड़ियां हुई हैं। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।