दिल्ली-एनसीआर में सोमवार शाम हुई बारिश से मौसम कुछ ठंडा हो गया। तेज हवाओं के साथ बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पिछले कई दिनों से उमस और चिलचिलाती धूप से परेशान लोगों ने बारिश के बाद राहत की सांस ली।

मौसम विभाग ने पहले ही संभावना जताई थी कि 29 जून से 1 जुलाई के बीच और फिर 5 जुलाई को दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होगी। वहीं, 29-30 जून के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में हीट वेव चलने की संभावना जताई गई है।

कल दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?

IMD की प्रेस रिलीज के अनुसार, दिल्ली एनसीआर के आसमान में कल आंंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर और रात के समय बहुत हल्की बारिश के साथ आंंधी और बिजली कड़कने और 40-50 किमी प्रति घंटा की तेज हवाएंं चलने की संभावना है। ज्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली में 30 जून से 5 जुलाई के बीच मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। 30 जून को अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री रहने का अनुमान है जबकि दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, मानसून के दिल्ली पहुंचने में इस साल करीब एक हफ्ते की देरी होने की संभावना है। मानसून के दिल्ली पहुंचने की सामान्य तारीख 27 जून है।

झारखंड में भारी बारिश

झारखंड में 30 जून से भारी बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी द्वारा सोमवार को जारी बुलेटिन के मुताबिक झारखंड के नौ जिलों के लिए मंगलवार सुबह से बुधवार सुबह तक भारी बारिश का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया है। बुलेटिन के मुताबिक 1 जुलाई की सुबह 8.30 बजे से 2 जुलाई की सुबह 8.30 बजे तक झारखंड के 18 ज़िलों में भारी बारिश का अनुमान है।

कैसा होगा हिमाचल प्रदेश का मौसम?

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में दो और तीन जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की चेतावनी जारी करते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। कांगड़ा और मंडी जिलों के लिए 2-3 जुलाई को जबकि कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए 3 जुलाई को ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।

इन राज्यों में जल्द पहुंचेगा मानसून

सोमवार को जारी अपने ताजा पूर्वानुमान रिपोर्ट में भारत मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में और आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं। इसके अगले दो-तीन दिनों में यह मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दक्षिण-पूर्व राजस्थान और गुजरात के बाकी हिस्सों में भी आगे बढ़ेगा।

यह भी पढ़ें: जून में कम बारिश ने बढ़ाई चिंता

जून 2026 के खत्म होने में सिर्फ 2 दिन बचे हैं और इस बार सामान्य से 43 फीसदी कम बारिश हुई है। ऐसे में यह महीना अब तक का सबसे सूखा महीना साबित हो सकता है। जून मॉनसून सीजन का पहला महीना होता है, जिसमें लगभग 165.3 मिमी बारिश की उम्मीद रहती है, जो पूरे देश के लिए लंबे समय का औसत है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें