उत्तर भारत में ठंड की दस्तक के साथ ही वायु प्रदूषण लोगों के लिए प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी मुसीबत बनने लगा है। दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में वायु गुणवत्ता काफी खराब हो गई है। सोमवार 02 नवंबर को AQI 300 मानक अंक से भी आगे निकल गया, जो कि बेहद खराब हवा वाली कैटेगरी में आता है। सेंट्रल दिल्ली के आस-पास के इलाकों से मिली तस्वीरों में शहर स्मॉग की चादर में ढका हुआ दिखा। सोमवार सुबह शहर में AQI 310 रिकॉर्ड किया गया, जो एक दिन पहले 277 पर था। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के समीर ऐप के अनुसार, दिल्ली से सटे नोएडा में AQI 310 पहुंच गया। वहीं गाजियाबाद में AQI 278 और गुरुग्राम में 230 रिकॉर्ड किया गया।
सोमवार को कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर का मौसम
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को मुख्य तौर पर आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक रहने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली में आज बारिश की कोई संभावना नहीं है।
आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु'
भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु' के दो और तीन नवंबर की दरमियानी रात नेल्लोर और नरसापुर के बीच आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना है। विभाग ने 'मुरासु' के प्रभाव को देखते हुए राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
चक्रवाती तूफान 'मुरासु' सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। यह नेल्लोर से लगभग 160 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व, ओंगोल से 210 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और मछलीपट्टनम से 240 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था। बाद में यह पश्चिम-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा की ओर बढ़ी।
तमिलनाडु के उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश
चक्रवात मुरासु के आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट की ओर बढ़ने के साथ तमिलनाडु के उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश हुई और चेन्नई के कई इलाकों में जलभराव हो गया। चक्रवात चेन्नई से करीब 250-260 किलोमीटर दूर स्थित था। चेन्नई हवाई अड्डा प्रशासन ने सोमवार को बताया कि खराब मौसम के कारण कुछ उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। यात्रियों से अधिक जानकारी और सहायता के लिए संबंधित विमानन कंपनी से संपर्क करने का अनुरोध किया गया है। चेन्नई, चेंगलपट्टू और तिरुवल्लूर जिलों के कई हिस्सों में रविवार रात से मूसलाधार बारिश हो रही है।
खराब मौसम के कारण चार उड़ानों को लखनऊ की ओर मोड़ा गया
खराब मौसम के कारण सोमवार सुबह चार उड़ानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया। हवाई अड्डे के सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई6558 बेंगलुरु से वाराणसी जा रही थी। इसे लखनऊ की ओर मोड़ा गया और यह सुबह सात बजकर 20 मिनट पर यहां उतरी। यह उड़ान सुबह 11 बजकर 24 मिनट पर रवाना हुई। इंडिगो की एक अन्य उड़ान संख्या 6ई6246 दिल्ली से वाराणसी जा रही थी। यह सुबह सात बजकर पांच मिनट पर लखनऊ पहुंची और सुबह नौ बजकर आठ मिनट पर रवाना हुई।
राजस्थान में इस सप्ताह मौसम सूखा रहने का अनुमान
राजस्थान में इस सप्ताह मौसम आमतौर पर सूखा रहने का अनुमान है। इसके अनुसार, सोमवार सुबह तक राज्य में मौसम आमतौर पर सूखा रहा और राज्य के अधिकतर भागों में इस सप्ताह मौसम शुष्क रहने की पूरी संभावना है। इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में और न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर में 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ओड़िशा में संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकाला गया
बंगाल की खाड़ी में चक्रवात 'मुरासु' के भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने के बाद ओडिशा सरकार ने सोमवार को संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकालने का काम तेज कर दिया। चक्रवात के प्रभाव से दक्षिणी ओडिशा में भारी बारिश होने का अनुमान है। चक्रवात के पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के तट पर आने का अनुमान है।
कैसी रहेगी कल की हवा?
IITM के पूर्वानुमान के मुताबिक, 2 और 3 नवंबर को हवा खराब श्रेणी में रह सकती है. वहीं, 4 नवंबर को प्रदूषण बढ़कर बहुत खराब श्रेणी में पहुंचने की आशंका है.
UP में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश के इटावा, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, हरदोई, उन्नाव, देवरिया, आजमगढ़, रायबरेली, अयोध्या और आगरा समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
दिल्ली में एक नवंबर से लागू हो चुकी हैं GRAP की पाबंदियां
दिल्ली में 1 नवंबर से बदले हुए ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तहत गाड़ियों की एंट्री पर रोक लगाने के बावजूद क्वालिटी और खराब हो गई है। इस कदम का मकसद खराब होती एयर क्वालिटी को सुधारना है। दिल्ली के बाहर रजिस्टर्ड पेट्रोल और डीज़ल गाड़ियां जो BS-VI एमिशन स्टैंडर्ड को पूरा नहीं करती हैं, उन्हें 31 जनवरी, 2027 तक राजधानी में आने से रोक दिया गया है, जबकि इलेक्ट्रिक और CNG गाड़ियों को छूट दी गई है।
फरीदाबाद में कितना है AQI
दिल्ली से सटे फरीदाबाद में AQI 116 रिकॉर्ड किया गया, जो मॉडरेट कैटेगरी में आता है। ऐप ने बताया कि इस लेवल पर एयर पॉल्यूशन से फेफड़ों की बीमारियों, अस्थमा और दिल की बीमारियों वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो सकती है।
दिल्ली में वायु गुणवत्ता बेहद खराब
दिल्ली में इंडिया गेट और जनपथ के आस-पास के इलाके में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 335 है, जिसे CPCB (सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड) के अनुसार 'बहुत खराब' कैटेगरी में रखा गया है।
