कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के शुक्रवार को प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क और राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर नए CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं। नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में 25 हजार से ज्यादा पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं। वहीं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा भी लागू है।

CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में अनियमितताएं हुई हैं। इस बार पार्टी ने अपने नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के विरोध में भी प्रदर्शन का आह्वान किया है। जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाए जाने के बाद पार्टी ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में जुटने की घोषणा की है। इस प्रदर्शन में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की नेहा बोरा और आम आदमी पार्टी भी शामिल होंगी।

दिल्ली पुलिस ने की सेंट्रल पार्क में इकट्ठा नहीं होने की अपील

प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने लोगों से सेंट्रल पार्क में इकट्ठा नहीं होने की अपील की है। नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने भी एक नोटिस जारी कर बताया कि CJP के मार्च के मद्देनजर सेंट्रल पार्क शुक्रवार और शनिवार को आम लोगों के लिए बंद रहेगा। परिषद ने पार्क बंद करने के पीछे ‘प्रशासनिक कारणों’ का हवाला दिया है।

प्रदर्शन से पहले गुरुवार को दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार की अध्यक्षता मे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें नई दिल्ली इलाके के ज्वॉइंट सीपी और डीसीपी समेत कई अधिकारी शामिल हुए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल मेट्रो सेवाएं बंद करने का कोई फैसला नहीं है। हालांकि इसे आखिरी विकल्प के तौर पर रखा गया है।

दिल्ली पुलिस की डीसीपी (PRO) नेहा यादव ने गुरुवार शाम जारी बयान में कहा कि कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में शांति बनाए रखने व लोगों की जान और सरकारी व निजी संपत्ति की सुरक्षा के लिए निषेधाज्ञा पहले से लागू है।

पुलिस ने यह भी कहा कि वह कुछ चुनिंदा लोगों को किसी उपयुक्त जगह पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति देने की व्यवस्था कर सकती है।

‘सेंट्रल पार्क में लगाए जा रहे CCTV’

सेंट्रल पार्क में पहले CCTV कैमरे नहीं थे लेकिन गुरुवार को उसके प्रवेश द्वार पर कैमरे लगाने का काम शुरू हो गया। राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 और 3 पर भी अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाए जा रहे थे।

शुक्रवार को नई दिल्ली के आसपास करीब 25000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, मार्च के लिए 5000 अतिरिक्त जवान भी बुलाए जा रहे हैं। कनॉट प्लेस के प्रमुख कारोबारी केंद्रों में से एक पालिका बाजार के सामने कई बसें खड़ी की गई थीं जिनका इस्तेमाल प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के लिए किया जा सकता है। गुरुवार को संसद मार्ग और टॉलस्टॉय रोड के बीच ऐसी करीब 16 बसें खड़ी थीं।

पिछले हफ्ते भी सीजेपी के इसी तरह प्रदर्शन के आह्वान के बाद कनॉट प्लेस को किले में तब्दील कर दिया गया था।

इस बीच, करीब 50 साल पुराने पालिका बाजार के दुकानदारों के लिए त्योहारों का यह सीजन मुश्किलों भरा रहा है। उनका कहना है कि पाबंदियों के चलते दुकानें बंद रहने से कारोबार पर भारी असर पड़ा है।

इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाने वाले विनय ठाकुर ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा, ”हम जुलाई में नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए प्रदर्शनों से हुए नुकसान से उबरे भी नहीं थे कि अब यह सब फिर शुरू हो गया। त्योहारों का सीजन है और पहले ही महीने में हमारी दुकानें चार दिन बंद हो चुकी हैं।”

नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने कहा, ”उन्हें प्रदर्शन करने का अधिकार है लेकिन हमें भी जीने का अधिकार है। आप बेहतर कल के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन हमारा आज बर्बाद मत कीजिए।”

भार्गव के मुताबिक, जुलाई में नीट पेपर लीक के खिलाफ सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान इलाके का कारोबार घटकर महज 10 फीसदी रह गया था। उन्होंने कहा, ”यहां करीब 25,000 कर्मचारी काम पर निर्भर हैं। कनॉट प्लेस प्रदर्शन करने की जगह नहीं है।”

दिल्ली पुलिस के बयान में कनॉट प्लेस के व्यापारी संगठनों की उन मांगों का भी जिक्र किया गया जिनमें त्योहारों के दौरान संभावित अव्यवस्था और गैरकानूनी जमावड़े से सुरक्षा की मांग की गई थी।

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके का आरोप

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया है कि उनकी लगातार निगरानी की जा रही है। अभिजीत दीपके ने अपने X हैंडल पर कहा कि जिस जगह पर वह रह रहे हैं, उसे चारों ओर से पुलिसकर्मियों ने घेर रखा है। उन्होंने कहा कि ये पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में मौजूद हैं।

अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि कुछ लोग लगातार उन पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी लगातार उनका पीछा कर रही है।