दक्षिणपूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन इलाके में शुक्रवार तड़के एक आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के कर्मियों द्वारा छह लोगों को बचाया गया और केंद्रीय दुर्घटना एवं आघात सेवा (सीएटीएस) की सहायता से उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि कम से कम आठ घायल व्यक्तियों को इससे पहले इमारत से निकालकर इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया था। ओखला फायर स्टेशन-1 (ओकेएच-1) के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मध्यम मार्ग पर नया तारा अपार्टमेंट के पास गली नंबर 1 में स्थित एक इमारत में आग लग गई।
डीएफएस के सहायक मंडल अधिकारी (एडीओ) यशवंत सिंह मीना ने कहा कि इमारत में एक ग्राउंड फ्लोर और पांच ऊपरी मंजिलें हैं। यह एक संकरी गली में स्थित है, जिससे बचाव और अग्निशमन अभियान चुनौतीपूर्ण हो जाते हैं।
दमकल विभाग के अनुसार, सुबह 2.35 बजे से 2.37 बजे के बीच आग लगने और इमारत के अंदर लोगों के फंसे होने की सूचना देने वाली कई कॉल प्राप्त हुईं। इसके बाद विभाग की गाड़ियों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर कार्यवाही शुरू की। बार-बार आपातकालीन कॉल आने के बाद, एक अतिरिक्त जल टैंकर-सह-हल्की अग्निशमन इकाई को बाद में तैनात किया गया।
दमकल विभाग से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग इमारत के अंदर खड़ी गाड़ियों में लगी थी। कई निवासियों के फंसे होने की सूचना मिलने के बाद दमकलकर्मियों ने बचाव कार्य शुरू किया।
सुबह 3:45 बजे अधिकारियों ने सूचना दी कि आग पर काबू पा लिया गया है। अग्निशमन विभाग ने सुबह 4 बजे एक संदेश जारी कर बताया कि आग बुझाने का काम पूरा हो चुका है। हालांकि, आग बुझने के बाद भी बचाव कार्य जारी रहा। ऑपरेशन के अंतिम चरण के दौरान, दमकलकर्मियों ने इमारत से एक और व्यक्ति को बचाया, जिससे दमकल कर्मियों द्वारा बचाए गए लोगों की कुल संख्या छह हो गई।
स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के कोच पर फेंका पत्थर, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत थे ट्रेन में सवार
उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद स्टेशन के पास पेमेश्वरगेट पुल के पास बृहस्पतिवार की शाम लखनऊ से दिल्ली जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के एक कोच पर पथराव हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शताब्दी एक्सप्रेस में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत यात्रा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि भागवत सुरक्षित हैं। यह घटना इटावा टूंडला रेल खंड पर हुई। पढ़ें पूरी खबर।
