दिल्ली के व्यापारियों ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली INDIA गठबंधन की प्रस्तावित रैली को 10 नवंबर के बाद आयोजित कराने की अपील की है। व्यापारियों का कहना है कि दिवाली के त्योहारी सीजन में रैली होने से दिल्ली के प्रमुख बाजारों में कारोबार प्रभावित हो सकता है। उन्होंने राहुल गांधी से इस मामले में हस्तक्षेप कर रैली की तारीख आगे बढ़वाने का आग्रह किया है।

सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) के महासंघ ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर अपनी चिंता जाहिर की है। एसोसिएशन के मुताबिक, धनतेरस से दिवाली तक का समय दिल्ली के व्यापारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस अवधि में करीब 25,000 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। यह कारोबार हजारों व्यापारियों, दुकानदारों और छोटे व्यवसायियों की सालाना कमाई का एक अहम हिस्सा है।

विरोध-प्रदर्शनों और रैलियों से पहले ही नुकसान का दावा

व्यापारी संगठन का कहना है कि सितंबर और अक्टूबर के दौरान लगातार विरोध-प्रदर्शनों, रैलियों और यातायात प्रतिबंधों के कारण कारोबार को पहले ही काफी नुकसान उठाना पड़ा है। इन गतिविधियों से बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हुई है। इसके अलावा, माल की ढुलाई और दुकानों तक पहुंचने में भी व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।

एसोसिएशन ने आशंका जताई कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली के कारण सदर बाजार, चांदनी चौक, खारी बावली और चावड़ी बाजार जैसे प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में कारोबार प्रभावित हो सकता है। रैली के दौरान यातायात मार्गों में बदलाव, सड़कों के बंद होने और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से ग्राहकों की आवाजाही बाधित होने की आशंका है। इससे सामान की आपूर्ति और डिलीवरी पर भी असर पड़ सकता है।

छोटे व्यापारियों और कर्मचारियों की आजीविका पर असर की चिंता

व्यापारी संगठन ने कहा कि त्योहारी सीजन छोटे कारोबारियों के लिए साल का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। इस दौरान होने वाली बिक्री से न केवल व्यापारियों की कमाई होती है, बल्कि इन व्यवसायों पर निर्भर कर्मचारियों, सेल्स स्टाफ, सहायकों और डिलीवरी कर्मियों की आजीविका भी चलती है।

एसोसिएशन के मुताबिक, त्योहारों के दौरान कारोबार के लिए समय सीमित होता है। ऐसे में यदि इस अवधि में बाजारों की गतिविधियां प्रभावित होती हैं, तो व्यापारियों की सालाना आय और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति पर असर पड़ सकता है।

अखिलेश यादव और ममता बनर्जी से भी अपील

फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन ने राहुल गांधी से कांग्रेस नेतृत्व के साथ बातचीत कर रैली को 10 नवंबर के बाद आयोजित कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि राजनीतिक कार्यक्रमों की तारीख जनहित को ध्यान में रखते हुए बदली जा सकती है, लेकिन दिवाली का व्यापारिक सीजन छोटे कारोबारियों के लिए सालाना कमाई का महत्वपूर्ण अवसर है।

एसोसिएशन की ओर से जारी पत्र पर अध्यक्ष राकेश कुमार यादव, महासचिव कमल कुमार और कोषाध्यक्ष दीपक मित्तल के हस्ताक्षर हैं। इसके अलावा, फेडरेशन ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को भी पत्र लिखा है। वहीं, किराना कमेटी दिल्ली ने भी अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से विरोध-प्रदर्शनों को स्थगित करने की मांग की है।

क्यों हो रही है रैली?

INDIA गठबंधन ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली आयोजित करने की योजना बनाई है। इस रैली का उद्देश्य मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के मुद्दे पर विरोध दर्ज कराना है।

यह भी पढ़ें: ‘साहेब, प्लीज पहले किसानों पर ध्यान दीजिए…’, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दिया सीएम फड़नवीस को जवाब

कार्यक्रम में पूछे गए एक सवाल के जवाब में सीएम फड़नवीस ने कहा कि भारत डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के द्वारा बनाए गए संविधान के आधार पर चलता है लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) देश में केवल अराजकता फैलाने का काम कर रही है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।