दीवाली नजदीक आने के कारण दिल्ली के व्यापारियों ने रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली को लेकर चिंता जताई है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से एक बार फिर से रैली टालने की अपील की है। सीटीआई ने कहा कि राजनीति के बाजार में व्यापारियों की मोहब्बत की दुकानें बंद मत कीजिए।
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने अपील करते हुए कहा, “आप अक्सर कहते हैं कि आप नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकानें चलाते हैं। हमारी दुकानें भी अपने ग्राहकों के साथ आपसी भरोसे, प्यार और स्नेह के आधार पर चलती हैं। इसलिए, हम आपसे विनम्र अनुरोध करते हैं कि भारत के सबसे बड़े त्योहार, दिवाली के पीक सीजन के दौरान, एक रैली के लिए हमारी मोहब्बत की दुकानों और कारोबार की बलि न दें।”
हमारी 300 साल पुरानी ‘मोहब्बत की दुकानें’ बंद करवा रहे हैं- सीटीआई
सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा, “आपने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान ‘मोहब्बत की दुकानें’ खोलने की बात कही थी, लेकिन दिल्ली में रैली की वजह से हमारी 300 साल पुरानी ‘मोहब्बत की दुकानें’ बंद करवा रहे हैं।” उन्होंने चांदनी चौक की मशहूर परांठा दुकानों और खारी बावली के मसाला व्यापारियों से लेकर सदर बाजार में चूड़ी-बिंदी बेचने वालों, चांदनी चौक की लहंगा दुकानों और अन्य पारंपरिक प्रतिष्ठानों का उदाहरण दिया। उन्होंने आगे कहा, “हर दुकान 10 से 20 लोगों के परिवारों का भरण-पोषण करती है।”
राहुल गांधी के अलावा इंडिया गठबंधन के नेताओं को भी लिखा पत्र
सीटीआई ने राहुल गांधी के अलावा इंडिया गठबंधन के सहयोगियों अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव और उद्धव ठाकरे से भी अपील की है। सीटीआई के चेयरमैन ने कहा, “तीन पत्र सीटीआई राहुल गांधी जी को भी लिख चुका है लेकिन उन्होंने 1 नवंबर को ही रैली करने की हठधर्मिता पकड़ रखी है।”
बृजेश गोयल ने पत्र में कहा, “अब दिल्ली के 20 लाख व्यापारियों की आखिरी उम्मीद आपसे है, आप सब राहुल गांधी और कांग्रेस को समझाएं कि दिवाली के पीक सीजन में 10 लाख लोगों की महरौली करने से दिल्ली के व्यापारियों की दिवाली काली हो सकती है, इसलिए रैली को दिवाली तक टालने का प्रस्ताव इंडिया गठबंधन की मीटिंग में लाया जाए। एक नवंबर को रामलीला मैदान में कांग्रेस की प्रस्तावित 10 लाख लोगों की महारैली को लेकर दिल्ली के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।”
बृजेश गोयल ने कहा, “दिल्ली के 20 लाख व्यापारियों की ओर से मांग है कि इस रैली को दिवाली बाद-10-11 नवंबर के बाद कर दिया जाए, “हम रैली का विरोध नहीं कर रहे, हम दिवाली के पीक सीजन में अपनी रोजी रोटी बचाने के लिए हाथ जोड़कर विनती कर रहे हैं।”
यह भी पढ़ें: ‘हम अपनी रोजी-रोटी बचाने के लिए हाथ जोड़कर विनती कर रहे’, राहुल के बाद अब सोनिया गांधी से CTI ने लगाई गुहार, रैली टालने का आग्रह
दिल्ली के चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने शुक्रवार को कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से आग्रह किया कि वे एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली पार्टी की प्रस्तावित मेगा रैली को टाल दें। सीटीआई ने चेतावनी दी कि इस रैली के कारण राजधानी के 20 बाजारों में 10000 से 12000 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हो सकता है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
