देश की राजधानी में चल रहे विरोध प्रदर्शनों की वजह से व्यापारियों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। कड़े कानूनी प्रतिबंधों की वजह से व्यापारियों का धंधा मंदा पड़ गया है। फेस्टिव सीजन पर इन हालात की वजह से परेशान व्यापारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विपक्ष के नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को एक लेटर लिखा है जिसमें यह अपील की गई है कि दिल्ली में राजनीतिक प्रदर्शनों को 31 जनवरी 2027 तक के लिए टाल दिया जाए।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल (BUVM), दिल्ली प्रदेश ने इस लेटर में फेस्टिव सीजन और शादियों के सीजन का हवाला देते हुए लिखा है कि हम किसी के लोकतांत्रिक अधिकारों का विरोध करने के लिए यह अपील नहीं कर रहे हैं बल्कि व्यापार, रोजगार, लोगों की सुविधा और बड़े पब्लिक इंटरेस्ट की रक्षा करने के लिए यह अपील कर रहे हैं कि 31 जनवरी 2027 तक सभी प्रदर्शन स्थगित कर दिए जाएं।
‘रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है’
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से पीएम मोदी, राहुल गांधी और केजरीवाल को लिखे गए लेटर में संगठन के जनरल सेक्रेटरी हेमंत गुप्ता, राकेश यादव और प्रदीप गुप्ता ने साइन किए हैं। व्यापारी मंडल ने प्रधानमंत्री को लिखे अपने लेटर में कहा कि नवरात्रि, दिवाली, गुरुपर्व, क्रिसमस और शादियों के सीजन में इस तरह के प्रदर्शनों से व्यापारियों, मजदूरों, कंज्यूमर्स और ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जुड़े लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है।
करोड़ों रुपये का हो रहा नुकसान
व्यापारी मंडल ने कहा है कि बार-बार होने वाले प्रदर्शन की वजह से लगने वाले कानूनी प्रतिबंध बिजनेस को नुकसान पहुंचा रहे हैं। लेटर में कहा गया, “मार्केट तक पहुंच बहुत मुश्किल है, सामान का आना-जाना रुका हुआ है और कमर्शियल कामों में बहुत ज्यादा रुकावटें आ रही हैं।” व्यापारियों को हर दिन करोड़ों रुपये का अनुमानित नुकसान हो रहा है।
‘दिहाड़ी मजदूरों और कर्मचारियों की सैलरी हो रही लेट’
लेटर में कहा गया है कि प्रदर्शनों का असर वर्कर्स और दिहाड़ी मजदूरों की कमाई पर पड़ रहा है। लेटर में कहा गया है कि कई जगहों पर कर्मचारियों की सैलरी देना, किराया देना और दूसरे फाइनेंशियल कमिटमेंट्स समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं। बॉडी ने कहा है कि मेट्रो स्टेशन बंद होने, रूट डायवर्जन और लंबे ट्रैफिक जाम की वजह से यह परेशानियां खड़ी हो रही हैं।
राहुल गांधी और केजरीवाल से की गई अपील
लेटर में PM मोदी से “संबंधित पार्टियों के साथ जरूरी बातचीत और कोऑर्डिनेशन बनाने” और संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी करने की अपील की गई है। साथ ही राहुल गांधी और केजरीवाल को लिखे लेटर में कहा गया है कि व्यापारी मंडल आपके लोकतांत्रिक अधिकारों और विरोध करने के अधिकार का पूरा सम्मान करता है, लेकिन प्रतिबंधों की वजह से होने वाली दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए 31 जनवरी 2027 तक प्रदर्शन टालने की अपील है।
यह भी पढ़ें: ‘अपने देश में तिरंगा नहीं लहराएंगे तो क्या पाकिस्तान में लहराएंगे?’ अभिजीत दीपके की हिरासत पर भड़के केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे ‘सरासर तानाशाही’ बताते हुए सवाल किया कि क्या तिरंगा लहराना जुर्म है? केजरीवाल ने कहा कि अभिजीत की गिरफ्तारी दिखाती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे कितना डरते हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…
