दिल्ली जल बोर्ड में कथित भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किए गए दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कोर्ट ने सत्येंद्र जैन के अलावा अन्य 4 आरोपियों को भी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है जबकि एक आरोपी अंकित श्रीवास्तव को 2 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है।

बता दें कि सत्येंद्र जैन समेत 6 आरोपियों को दिल्ली की एंटी-करप्शन ब्रांच (ACB) ने मंगलवार देर रात गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व CEO उदित प्रकाश राय, DJB के पूर्व कॉन्ट्रैक्टुअल कंसल्टेंट अंकित श्रीवास्तव और प्राइवेट व्यक्ति नागेंद्र यादव, राजा कुमार कुर्रा और पंकज वर्मा शामिल हैं।

25 अगस्त को जमानत अर्जी पर होगी सुनवाई

बुधवार को एंटी-करप्शन ब्रांच ने सभी आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया था और 14 दिन की न्यायिक हिरासत की मांग की थी। कोर्ट ने इस अर्जी के स्वीकार किया और सभी आरोपियों को दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस बीच इन आरोपियों की जमानत को लेकर भी अर्जी दाखिल हुई है जिस पर 25 अगस्त को सुनवाई की जाएगी।

2024 में दर्ज हुआ था मामला

यह मामला 11 मई, 2024 को डायरेक्टरेट ऑफ़ विजिलेंस की शिकायत पर दर्ज किया गया था। यह शिकायत DJB के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स को बढ़ाने और अपग्रेड करने से जुड़े टेंडर प्रोसेस में कथित बड़े पैमाने पर गड़बड़ी, टेंडर की शर्तों में हेरफेर और आपराधिक साजिश के बारे में थी।

इन सभी पर क्या हैं आरोप?

एसीबी ने आरोप लगाया है कि टेंडर की तकनीकी शर्तें इस तरह तैयार की गई थीं कि उनसे एक खास टेक्नोलॉजी और एक प्राइवेट कंपनी, M/s Euroteck Environment Pvt. Ltd. को फायदा हो, और साथ ही दूसरी कंपनियों से होने वाली प्रतिस्पर्धा को सीमित किया जा सके।

ACB के अनुसार, प्रस्तावित पायलट स्टडी भी नहीं की गई, लेकिन टेंडर में खास टेक्नोलॉजी/मीडिया के इस्तेमाल से जुड़ी पाबंदियां शामिल की गईं। जांच में यह भी पता चला कि ट्रीटेड एफ्लुएंट (साफ किए गए अपशिष्ट जल) से जुड़े जरूरी पैरामीटर टेंडर से हटा दिए गए थे और टेक्निकल स्पेसिफिकेशन में बदलाव किए गए थे, जिससे सरकारी खजाने पर भारी आर्थिक बोझ पड़ने का आरोप है।

जांच एजेंसी के मुताबिक, प्राइवेट लोगों, कुछ सरकारी अधिकारियों और बिचौलियों के बीच लगातार बातचीत हो रही थी। इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के जांच से टेंडर की शर्तों, सुधारों/संशोधनों और अन्य दस्तावेजों के लेन-देन के बारे में जानकारी मिली।

यह भी पढ़ें: ‘चुनाव आते ही AAP नेताओं को जेल भेजती है BJP’, सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर केजरीवाल-मान ने लगाया साजिश का आरोप

आम आदमी पार्टी (AAP) के पंजाब सह-प्रभारी और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी ने पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। जैन को मंगलवार को दिल्ली में करोड़ों रुपये के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) टेंडर घोटाले से जुड़े मामले में एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने पांच अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया। यहां पढ़ें पूरी खबर…