राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अप्रैल में डेंगू के 52 मामले आए हैं, जो पिछले पांच वर्षों के दौरान इसी अवधि का सर्वाधिक आंकड़ा है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की ओर से जारी आंकड़ों में यह खुलासा हुआ है। एमसीडी के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल 2025 में डेंगू के 42 मामले आए थे, जबकि 2024, 2023, 2022 में इसी महीने में क्रमशः 31, 24 और 12 मामले दर्ज किए गए थे और यह साल-दर साल वृद्धि को इंगित करता है।

एमसीडी के मुताबिक इस वर्ष अप्रैल तक राजधानी में डेंगू के 107 मामले सामने आए हैं। दिल्ली में 2026 के पहले चार महीनों में मलेरिया के मामले भी सामने आए, जो हाल के वर्षों में शुरुआती मौसम में सीमित प्रसार के रुझान को इंगित करता है।

अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान 15,649 घरों में मच्छरों के प्रजनन की पुष्टि हुई, जो 2025 में ऐसे 15,662 घरों की संख्या के लगभग बराबर है। नगर निकाय के अधिकारियों के मुताबिक, मानसून के दौरान मलेरिया के संभावित मामलों में वृद्धि से निपटने के लिए वे तैयार हैं।

नवीनतम रपट के मुताबिक, राजधानी में इस वर्ष अप्रैल तक मलेरिया के 29 मामले सामने आए हैं, जो 2025 में इसी अवधि के दौरान दर्ज किए गए 39 मामलों और 2024 में दर्ज किए गए 35 मामलों से कम है, हालांकि 2023 में दर्ज किए गए 15 मामलों से अधिक है।

अधिकारियों ने अप्रैल में हुई बारिश को मच्छर-जनित बीमारियों के मामलों में वृद्धि का एक कारण बताया। उन्होंने कहा कि एमसीडी ने एहतियाती उपायों के तहत निर्माण स्थलों और आवासीय क्षेत्रों में लार्वा-रोधी अभियान, फागिंग और निरीक्षण तेज कर दिए हैं।

आंकड़ों के मुताबिक, इस वर्ष एमसीडी के मलेरिया-रोधी अभियान में तेजी आई है और दो मई तक अधिकारियों ने 12.15 लाख से अधिक घरों का निरीक्षण किया है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के दौरान किए गए 11.99 लाख घरों के निरीक्षण से अधिक है। वर्ष 2024 में अधिकारियों ने समान अवधि के दौरान 10.44 लाख से अधिक घरों का निरीक्षण किया था।

यह भी पढ़ें – ‘क्या बिहारी होना अपराध है?’, दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल ने की बेटे की हत्या, दिल दुखा रही परिजनों की व्यथा

दिल्ली डिलीवरी एजेंट हत्याकांड में पीड़ित परिजनों ने एक करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग रखी है। राष्ट्रीय राजधानी के उत्तम नगर स्थित प्रजापति कॉलोनी में रहने वाले पांडव कुमार के परिवार का कहना है कि पांच लोगों के परिवार में वह अकेले कमाने वाला था। वह ही घर का किराया देता था। साथ ही घर के सामान भी किश्तों पर खरीदता था। यह परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। पूरी खबर पढ़ें…