दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘जंतर-मंतर 2.0’ प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस ने जुलाई में जंतर-मंतर पर हुए CJP के प्रदर्शन में शामिल ऐसे 2,873 लोगों को चिन्हित किया है, जिनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस अब इन लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रही है, ताकि वे 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचकर प्रदर्शन स्थल पर कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित न कर सकें।

फेशियल रिकग्निशन सिस्टम से हुई पहचान

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जुलाई के प्रदर्शन के दौरान फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) की मदद से आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों की पहचान की गई थी। इनमें 989 लोग गंभीर अपराधों के आरोपी बताए गए हैं। वहीं, 101 लोग हत्या के मामलों में नामजद हैं, जबकि कम से कम 42 लोगों पर दो या उससे अधिक हत्याओं में शामिल होने के आरोप हैं।

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, इनमें 25 ऐसे लोग भी थे, जिन पर हत्या, हत्या के प्रयास, रेप और बच्चों के खिलाफ अपराध जैसे गंभीर आरोप हैं और जिन्हें उस समय जेल में होना चाहिए था।

स्थानीय पुलिस को दी गई निगरानी की जिम्मेदारी

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, जुलाई के प्रदर्शन में चिन्हित किए गए लोगों पर उनके स्थानीय थानों के जरिए नजर रखी जाएगी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी रहे लोग 10 अक्टूबर को दिल्ली या प्रस्तावित प्रदर्शन स्थल की ओर तो नहीं बढ़ रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन की अनुमति अभी नहीं दी गई है और उसका उद्देश्य ऐसे लोगों को दिल्ली पहुंचने से रोकना है, जिनसे कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका हो सकती है।

छात्रों को प्रदर्शन से दूर रहने की अपील

पुलिस ने सिर्फ आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों पर ही नहीं, बल्कि छात्रों पर भी नजर बढ़ा दी है। अधिकारियों के मुताबिक, छात्रों को यह बताया जा रहा है कि नई दिल्ली जिले में BNSS की धारा 163 लागू है। ऐसे में पुलिस के अनुसार, इलाके में किसी भी तरह का जमावड़ा या प्रदर्शन गैरकानूनी माना जाएगा।

छात्रों की बड़ी आबादी वाले इलाकों में रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के साथ होने वाली बैठकों के दौरान PG संचालकों को भी कानून-व्यवस्था की स्थिति के बारे में जानकारी देने और छात्रों को सूचित करने के लिए कहा जा रहा है।

दिल्ली की सीमाओं पर भी पुलिस की नजर

10 अक्टूबर के प्रदर्शन से पहले दिल्ली की सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस की खास नजर उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान से दिल्ली में प्रवेश करने वाले रास्तों पर रहेगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बड़ी संख्या में लोगों के एक साथ दिल्ली में प्रवेश करने की कोशिश पर नजर रखी जाएगी।

उत्तर प्रदेश सीमा से पूर्वी दिल्ली और शाहदरा, हरियाणा सीमा से द्वारका और राजस्थान सीमा से दक्षिण-पश्चिम दिल्ली की ओर आने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी की तैयारी है। नई दिल्ली की तरफ जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग और जांच भी की जा सकती है।

CJP ने कहा- प्रदर्शन का अधिकार हमारा है

इस बीच CJP के सह-संयोजक सौरभ दास संसद मार्ग थाने पहुंचे और एक पत्र सौंपकर कहा कि उन्हें जंतर-मंतर के निर्धारित प्रदर्शन स्थल पर प्रदर्शन करने का अधिकार है। बाद में दास ने ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा के साथ प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

CJP और AISA ने नागरिकों से 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पहुंचने और ‘देश के लोकतंत्र को बचाने’ के लिए एकजुट होने की अपील की है। दास ने कहा कि उन्होंने दिल्ली पुलिस से प्रदर्शन की अनुमति नहीं मांगी है, बल्कि उन्हें प्रदर्शन के बारे में सूचित किया है। यह प्रदर्शन विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित है।

यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर मार्च पर पुलिस का एक्शन, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसद हिरासत में

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर INDIA ब्लॉक के सांसदों का प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे विपक्षी सांसदों को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।