दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो मेट्रो स्टेशनों पर गायक दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाकर लिखे गए खालिस्तान-समर्थक नारे के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जहांगीरपुरी और शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशनों पर नारे मिलने के बाद ये गिरफ्तारियां की गईं।
दिलजीत दोसांझ ने अपने ‘ऑरा इंडिया टूर’ के तहत 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में परफॉर्म किया था।
पुलिस ने बताया कि 29 अक्टूबर को जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास फर्श पर नारे लिखे हुए मिले थे। 30 अक्टूबर को शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 2 पर सीढ़ियों की अंदरूनी दीवार पर भी इसी तरह के नारे लिखे हुए मिले।
पुलिस ने बताया कि दोनों ही मामलों में आपत्तिजनक नारे लगे लिखे हुए थे। पुलिस ने कहा है कि इन नारों में प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (एसएफजे) और खालिस्तान की विचारधारा का समर्थन किया गया था।
पुलिस ने कहा है कि इन हरकतों से मेट्रो स्टेशनों पर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और इससे सार्वजनिक व्यवस्था तथा राष्ट्रीय अखंडता के लिए खतरा पैदा हुआ है।
जहांगीरपुरी वाले मामले में मेट्रो आजादपुर थाने में और शास्त्री नगर मामले में मेट्रो एनएसपी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। स्पेशल सेल/नॉर्दर्न रेंज की एक टीम ने इस मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अनुकूल पंवार और इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने किया जबकि एसीपी राहुल कुमार सिंह ने जांच की निगरानी की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुमीत उर्फ रफ्तार, सुमित कुमार उर्फ काका और गुरप्रीत के रूप में हुई है।
सुमित कुमार उर्फ काका मुख्य साजिशकर्ता
पुलिस की जांच में पता चला है कि सुमित कुमार उर्फ काका ही मुख्य साजिशकर्ता था। बताया जा रहा है कि एसएफजे से जुड़े एक व्यक्ति ने उससे संपर्क किया और उसे एक एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप डाउनलोड करने को कहा। इसी ऐप के जरिए उसे दीवारों पर नारे लिखने के लिए खास टेम्पलेट मिले और दिल्ली की प्रमुख जगहों पर इस तरह की हरकतें करने के बदले पैसे देने का लालच भी दिया गया।
पुलिस ने बताया कि सुमित ने इस योजना को अंजाम देने के लिए गुरप्रीत और सुमीत उर्फ रफ्तार को अपने साथ मिला लिया। ये तीनों 28 अक्टूबर, 2026 को दिल्ली पहुंचे थे। सुमीत ने जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन पर दीवार पर यह नारे लिखे और अपने हैंडलर्स को भेजने के लिए इसका वीडियो भी बनाया। वहीं, सुमित और गुरप्रीत ने शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन पर दीवारों पर यह नारे लिखे।
पुलिस ने दावा किया कि सुमित कुमार ने 30 अक्टूबर को समयपुर बादली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले GTK बाईपास के पास भी नारे लिखे थे। इसकी अलग से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- ‘जब जमीन ही नहीं बची तो अंगद का पैर कहां रखेंगे…’
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर तंज कसा, जिसमें उन्होंने कहा था यूपी में बीजेपी की सरकार अंगद का पैर है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
