दिल्ली पुलिस ने एक वीडियो जारी करके कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के दावे को खारिज किया है। सीजेपी ने दावा किया था कि अभिजीत दीपके को 10 अक्टूबर को हिरासत में रहने के दौरान उनकी दादी की मौत की सूचना नहीं दी गई थी।
डीसीपी नेहा यादव ने कहा कि अभिजीत दीपके की दादी के निधन की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने उनसे संपर्क किया और उन्हें इस बारे में बताया था। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान उन्हें हरसंभव मदद देने की पेशकश भी की गई थी। डीसीपी नेहा यादव ने कहा कि पुलिस ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें फ्लाइट, फोन कॉल या किसी और चीज में मदद की जरूरत है।
डीसीपी ने कहा, “यह भी पूछा कि क्या वह अपने माता-पिता से बात करना चाहते हैं लेकिन उन्होंने मना कर दिया।” पुलिस ने दोहराया कि दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दीपके को उनके गृह नगर जाने में मदद की पेशकश भी की गई थी लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया था।
दीपके की मां ने लगाया था आरोप
यह वीडियो अभिजीत दीपके की मां के द्वारा दिल्ली पुलिस पर झूठ बोलने का आरोप लगाए जाने के बाद जारी किया गया। दीपके की मां ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने शनिवार को उनके बेटे को उसकी दादी के निधन की सूचना नहीं दी थी। इसके बाद सीजेपी ने भी दावा किया था कि दीपके को उनकी दादी के निधन के बारे में नहीं बताया गया।
नेहा यादव ने कहा कि दीपके को अंतिम संस्कार का समय भी बताया गया था। उन्होंने बताया कि दीपके को अपने परिवार से बात करने का विकल्प भी दिया गया था। दीपके की दादी लंबे समय से बीमार थीं और शनिवार को उनका निधन हो गया था।
डीसीपी ने कहा कि सीजेपी नेताओं ने पहले जो वादे किए थे उन्हें नहीं निभाया। डीसीपी ने कहा, “उनके द्वारा जुटाई गई भीड़ ने पत्थरबाजी, आगजनी और हिंसा की, जिससे सार्वजनिक संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा… सुरक्षा व कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए जनपथ पर प्रस्तावित धरने की अनुमति नहीं दी गई।”
सीजेपी को नहीं दी थी प्रदर्शन की अनुमति
दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को 10 अक्टूबर को विमान से उतरने से पहले ही हिरासत में ले लिया था।
पुलिस ने नई दिल्ली इलाके में लागू प्रतिबंधों का हवाला देते हुए सीजेपी को प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। हिरासत में लिए जाने के बाद दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को एहतियातन गिरफ्तार किया गया था। कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किए जाने के बाद रविवार सुबह उन्हें रिहा कर दिया गया। सीजेपी ने कहा कि अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास की रिहाई बड़ी कानूनी जीत है।
यह भी पढ़ें- ‘हम फिर सड़कों पर उतरेंगे…’
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि उन्होंने ऐसा कोई बॉन्ड नहीं भरा है जिसमें प्रदर्शन नहीं करने की शर्त रखी गई हो। दिल्ली की एक स्थानीय अदालत ने अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को रविवार सुबह जमानत दे दी थी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
