दिल्ली पुलिस ने बंगला साहिब गुरुद्वारे में कथित हंगामे और घटना के भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत AAP नेताओं और MLA के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। इस मामले में दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (DSGMC) ने रविवार को अपनी शिकायत दी थी।
DSGMC ने अपनी शिकायत में गुरुद्वारा बंगला साहिब परिसर में गड़बड़ी और उसके बाद गुमराह करने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाने का आरोप लगायाथा। पुलिस ने FIR दर्ज करने के बाद कहा है कि जांच के तहत जमा किए गए वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है।
पुलिस ने वीडियो की जांच की शुरू
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका समेत पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली पुलिस को यह शिकायत सौंपी थी। उन्होंने अपनी शिकायत में यह आरोप लगाया गया था कि आम आदमी पार्टी के सदस्य गुरुद्वारा परिसर में घुसे और नारेबाजी की और फिर इस घटना को सोशल मीडिया पर गलत तरीके से प्रसारित किया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और दिए गए वीडियो फुटेज की जांच कर रही है।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा कमेटी ने दी अपनी शिकायत में बताया था कि प्रदर्शनकारियों ने पवित्र गुरुद्वारा परिसर के अंदर राजनीतिक नारे भी लगाए थे, जिससे धार्मिक माहौल खराब हुआ। कमेटी ने दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पंजाब सीएम ने घटना को लेकर क्या कहा था?
बता दें कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पुलिस के गुरुद्वारे में प्रवेश करने की कड़ी निंदा की थी। उन्होंने कहा था कि गुरुद्वारों के दरवाजे जरूरतमंदों को आश्रय देने के लिए हमेशा खुले रहते हैं। वहीं आप नेताओं ने आरोप लगाया था कि पुलिस प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के लिए गुरुद्वारे में दाखिल हुई थी।
इस मुद्दे को लेकर रविवार शाम आप कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और विधायक जनरैल सिंह ने प्रेस वार्ता कर डीएसजीएमसी अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका पर भाजपा का पक्ष लेने का आरोप लगाया था।
‘इस घटना को लेकर सिख समुदाय में है गुस्सा’
वहीं हरमीत सिंह कालका ने कहा था कि AAP वर्करों के गुरुद्वारा बंगला साहिब के पास विरोध प्रदर्शन करने की कथित कोशिश को लेकर “सिख समुदाय में बहुत गुस्सा” है। उन्होंने कहा कि कमेटी ने इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की और दिल्ली पुलिस को एक शिकायत दी।
कालका ने आरोप लगाया था कि AAP के कुछ वर्कर प्रदर्शनकारी बनकर गुरुद्वारे के पास के इलाके में घुस गए। इसके बाद बैनर और पोस्टर फहराए और नारे लगाए। उन्होंने कहा कि ये कथित हरकतें धार्मिक जगह की पवित्रता के खिलाफ हैं। उन्होंने मौके पर पुलिसवालों की मौजूदगी पर भी एतराज जताया और कहा कि कमिटी ने डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस (DCP) को निर्देश दिया है कि वे पुलिसवालों को यूनिफॉर्म में गुरुद्वारे में घुसने से रोकें।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी के खिलाफ FIR दर्ज, जानिए BNS की कौन से धाराएं लगाई गईं
गांधीनगर के पेठापुर पुलिस स्टेशन में कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। जिग्नेश मेवाणी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराएं लगाई गई हैं। एफआईआर के मुताबिक, 9 अक्टूबर को गांधीनगर में चुनाव प्रचार के दौरान पेठापुर पुलिस स्टेशन में कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ मिली शिकायत के संबंध में पुलिस उनका बयान दर्ज कर रही थी। इसी दौरान जिग्नेश मेवाणी अपने समर्थकों के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचे और कथित तौर पर पुलिस को उसके कर्तव्यों के निर्वहन से रोकने की कोशिश की। यहां पढ़ें पूरी खबर…
