दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में 20 एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस अफसरों ने बताया कि इन मामलों में कमला मार्केट थाने में दर्ज एक एफआईआर भी शामिल है। इस एफआईआर में हिंदू रक्षा दल से जुड़े होने का दावा करने वाले चार लोगों को विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ मारपीट और महिलाओं के साथ बदसलूकी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
सीजेपी ने एसआईआर में कथित गड़बड़ियों और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था।
पुलिस ने बताया कि इन एफआईआर में पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सरकारी कर्मचारियों को उनके कर्तव्यों के निर्वहन में बाधा पहुंचाने सहित कई अन्य आरोप लगाए गए हैं।
15 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पहुंचने से रोकने के लिए 30,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया था। इस दौरान विपक्ष के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं सहित 7,000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शन के दौरान पथराव की कई घटनाएं सामने आईं, जिनमें 15 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घायलों में दक्षिणी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल भी शामिल हैं जिन्हें सफदरजंग फ्लाईओवर के पास ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा और उनके समर्थकों को हिरासत में लेते समय हाथ में चोट लग गई।
सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को लिया हिरासत में
मध्य दिल्ली में जगह-जगह बैरिकेडिंग और प्रतिबंधों के बीच पुलिस ने आकाशवाणी भवन, इम्तियाज अली मार्ग, हनुमान मंदिर और केरल हाउस सहित कई स्थानों से प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था।
दिल्ली पुलिस ने कहा था कि आयोजकों ने 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन की जानकारी उन्हें 7 अक्टूबर को दी थी जबकि नियमों के मुताबिक जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के लिए कम से कम आवेदन 10 दिन पहले जमा करना जरूरी है।
दिल्ली पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की थी और कहा था कि बिना इजाजत इकट्ठा होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- ‘ज्ञानेश कुमार के पास ऐसी क्या जानकारी है जो सरकार उन्हें बचा रही?’
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने रिहाई के बाद आरोप लगाया कि शनिवार को विमान से उन्हें अगवा कर लिया गया था। सौरव दास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि पूरा देश आपातकाल जैसी स्थिति का सामना कर रहा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
