दिल्ली पुलिस ने सेना के पूर्व प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक के सोशल मीडिया पर लीक होने के मामले में सोमवार को एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया, ”दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन न्यूज प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रही उन सूचनाओं का संज्ञान लिया है जिनमें दावा किया गया है कि ‘Four Stars of Destiny’ नामक पुस्तक की एक प्री-प्रिंट कॉपी सक्षम अधिकारियों से अनिवार्य मंजूरी के बिना प्रसारित की जा रही है।”

बीजेपी ने राहुल गांधी के दावों के जवाब में शेयर किया जनरल नरवणे का पुराना वीडियो

दिल्ली पुलिस ने कहा, ”जांच करने पर पता चला कि इसी शीर्षक वाली और मेसर्स पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तैयार की गई एक टाइप की हुई किताब की पीडीएफ कॉपी कुछ वेबसाइटों पर उपलब्ध है। इसके अलावा कुछ ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म ने तैयार पुस्तक के कवर को इस तरह दिखाया है कि जैसे वह बिक्री के लिए उपलब्ध हो।”

पुलिस ने बताया कि इस मामले में जांच के लिए स्पेशल सेल में मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

राहुल गांधी ने किया था जिक्र

पिछले सप्ताह लोकसभा में उस समय हंगामा हो गया था जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जनरल नरवणे की इस किताब का जिक्र किया था। इसके जरिये राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर निशाना साधा था। इस मामले के चलते लोकसभा की कार्यवाही बाधित हुई थी।

यह भी पढ़ें- मुझे बस 2-3 लाइन बोलनी हैं, वे डर क्यों रहे हैं…’