कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने 5 सितंबर 2026 को दिल्ली में जिस शांतिपूर्ण विरोध मार्च को निकालने ऐलान किया है उस पर दिल्ली पुलिस की प्रतिक्रिया आ गई है। दिल्ली पुलिस ने साफ कर दिया है कि ऐसे किसी भी विरोध मार्च को अभी तक परमिशन नहीं दी गई है। बता दें कि सीजेपी ने यह देशव्यापी विरोध मार्च दिल्ली के इंडिया गेट से लेकर दिल्ली पुलिस हेडक्वार्टर तक निकालने की घोषणा की है।
सीजेपी के ऐलान पर दिल्ली पुलिस ने कहा है, “हमें अभी तक कोई रिक्वेस्ट लेटर नहीं मिला है। अगर हमें कोई रिक्वेस्ट मिलती है, तो हम उसके हिसाब से रिव्यू करेंगे।” सीजेपी का यह देशव्यापी विरोध मार्च दिल्ली पुलिस के खिलाफ ही होगा। सीजेपी का कहना है कि सरकार ने जो वादे किए थे वह पूरे नहीं किए हैं इसलिए हम फिर से सड़क पर उतरने जा रहे हैं।
‘सरकार ने वादे पूरे नहीं किए’
CJP ने ऐलान किया है कि 5 सितंबर को दिल्ली में प्रोटेस्ट मार्च का आह्वान किया जाता है, जिसमें केंद्र पर 25 जुलाई को किए गए वादों को पूरा करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया गया है। सीजेपी ने कहा है कि सरकार ने आंदोलन वापस लेने की शर्त पर जो वादे किए थे वह पूरे नहीं किए हैं। CJP के एक बयान के मुताबिक, टीचर्स डे पर होने वाला यह मार्च इंडिया गेट से शुरू होगा और दिल्ली पुलिस हेडक्वार्टर की ओर जाएगा।
नीट छात्रों के परिजन करेंगे मार्च का नेतृत्व
सीजेपी की ओर से कहा गया है कि इस मार्च का नेतृत्व उन स्टूडेंट्स के परिवार करेंगे जिन्होंने NEET एग्जाम कैंसिल होने और उसके बाद दोबारा टेस्ट होने के बाद सुसाइड कर लिया था और जिन पर जुलाई के आंदोलन के दौरान कथित तौर पर पुलिस की ज्यादती हुई थी। यह फैसला सोमवार को CJP नेशनल वर्किंग कमेटी की मीटिंग में लिया गया। इससे एक महीने पहले केंद्र के साथ बातचीत के बाद संगठन ने अपना आंदोलन वापस ले लिया था।
‘हमें अब लिखित में चाहिए होगा’
सीजेपी की ओर से जारी एक प्रेस रिलीज में कहा गया है, “18 अगस्त को, सुप्रीम कोर्ट ने बार-बार केंद्र सरकार से देश भर में दर्ज FIR की एक लिस्ट देने को कहा ताकि कोर्ट उन्हें एक साथ, एक बार में रद्द करने पर विचार कर सके, जिससे वादा पूरा करना सबसे आसान हो जाए। फिर भी, सरकार ने ऐसा करने का कोई साफ वादा करने से इनकार कर दिया।”
सीजेपी ने आगे कहा, “सरकार की ओर से CJP को लिखित आश्वासन भी मिलना बाकी है। ऐसा नहीं चल सकता। हमारे सब्र को कमजोरी नहीं समझा जा सकता। हमारी अच्छी नीयत सरकार के लिए हमें धोखा देने का मौका नहीं बन सकती। इसलिए नेशनल वर्किंग कमेटी ने एकमत होकर 5 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन बुलाने का फैसला किया है।”
यह भी पढ़ें: ‘हमें सड़कों पर लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा’, शिक्षक दिवस पर दिल्ली में फिर प्रदर्शन करेगी सीजेपी
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने एक बार फिर दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है। सीजेपी ने कहा कि केंद्र सरकार ने जो भी उनसे वादे किए गए थे उसे पूरा नहीं किया गया। सीजेपी ने अपना शांतिपूर्ण विरोध मार्च शिक्षक दिवस यानी 5 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में निकालने का देशव्यापी आह्वान किया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
