करीब 9 घंटे आकाशवाणी परिसर में बैठने के बाद राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। साथ ही प्रियंका गांधी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इसे लेकर कांग्रेस ने एक-एक कर कई ट्वीट भी किए, जिसमें उन्होंने कहा कि सब याद रखा जाएगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद भवन से शुरू हुआ इंडिया ब्लॉक का विरोध मार्च दोपहर धरने में बदल गया। एक तरफ इंडिया गठबंधन के कई सांसदों को जब पुलिस ने हिरासत में ले लिया तो दूसरी ओर कांग्रेस नेता राहुल और प्रियंका गांधी समेत अन्य दूसरे कांग्रेस नेता आकाशवाणी केंद्र परिसर में घुस गए और धरना देने लगे।
दोपहर से शुरू हुआ था धरना
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, दोपहर करीब 12.00 बजे राहुल गांधी जबरन आकाशवाणी केंद्र परिसर में घुस गए। उनके पीछे प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग जैसे कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उनके पीछे परिसर में घुस गए। यहां करीब 9 घंटे तक राहुल गांधी और अन्य कांग्रेसी नेता बैठे रहे।

9 घंटे बाद पुलिस ने हटाया
इसके बाद रात 08.00 बजे के करीब दिल्ली पुलिस आकाशवाणी केंद्र में घुसे कांग्रेसी नेताओं को हटाने की कोशिश करने लगी। पहले उन्होंने राहुल गांधी व अन्य नेताओं से स्वत: परिसर खाली करने का आग्रह किया, लेकिन राहुल गांधी धरना देने की जिद पर डटे रहे। इसके दिल्ली पुलिस ने जबरन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परिसर से हटाने की कवायद शुरू की। इसे दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी भी करते रहे।
कांग्रेस ने किए ट्वीट
कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लेकर एक्स पर कहा, “मोदी-शाह (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह) ने आकाशवाणी भवन में पुलिस भेज दी है, जो जबरन नेता विपक्ष राहुल गांधी और सांसदों को उठा रही है।”
आगे लिखा, पीएम मोदी पुलिसिया दमन के बल पर आवाज दबाना चाहते हैं, लेकिन याद रखें- अब ये हुंकार दबने वाली नहीं है, गद्दार ज्ञानेश को जाना होगा।”
एक अन्य ट्वीट में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी घबराए हुए हैं, उन्हें समझ आ गया है कि उनका चेला ज्ञानू (मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार) बचेगा नहीं। इसलिए तानाशाही पर उतर आए हैं, लेकिन हम डरने वाले नहीं। हम लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ते रहेंगे।”
इसके अलावा, एक ट्वीट जिसमें दिल्ली पुलिस राहुल गांधी को हिरासत में लेते दिखाई दे रही है। उस पर कांग्रेस ने लिखा, “सब याद रखा जाएगा।”
यह भी पढ़ें: ‘ये समझो बीजेपी क्यों जीतती है, कांग्रेस क्यों हारती है…’, शिवराज ने कांग्रेस को दी आत्मचिंतन की सलाह
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। विपक्षी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इसी को लेकर कांग्रेस ने आज बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि बीजेपी, कांग्रेस पर हमलावर है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिनको जनता ने बार-बार हराया, उनको आत्मचिंतन करना चाहिए। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
