दिल्ली में वकीलों और दिल्ली पुलिस के कर्मियों के बीच टकराव के बाद शाहदरा थाने के तत्कालीन प्रभारी (एसएचओ) अरुण कुमार का ट्रांसफर हो गया था। अब उन्हें इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) शाखा में तैनात किया गया है। उन्हें पहले सुरक्षा इकाई में भेजा गया था। दिल्ली पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जारी ट्रांसफर और तैनाती आदेश में कहा गया है कि निरीक्षक अरुण कुमार को तत्काल प्रभाव से सुरक्षा इकाई से आईएफएसओ में ट्रांसफर कर दिया गया है।

IFSO दिल्ली पुलिस की साइबर अपराध इकाई है। एक वकील पर कथित हमले के बाद 28 अक्टूबर को अरुण कुमार का शाहदरा थाने के एसएचओ के पद से तबादला कर दिया गया था। उनके साथ गांधीनगर उपमंडल के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मनस्वी वशिष्ठ का भी ट्रांसफर किया गया था। इन तबादलों के विरोध में दो नवंबर को दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर लगभग 150 पुलिस कर्मियों ने प्रदर्शन किया और दोनों अधिकारियों की पुराने पदों पर बहाली की मांग की।

वकीलों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

प्रदर्शनकारी कर्मियों ने टकराव में शामिल वकीलों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की और पुलिस कर्मियों के खिलाफ हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। गृह मंत्रालय ने दो नवंबर को 2019 बैच के अधिकारी मनस्वी वशिष्ठ को यह कहते हुए निलंबित कर दिया कि उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही पर विचार किया जा रहा है।

6 नवंबर को हाई कोर्ट करेगा मामले पर सुनवाई

इस बीच दिल्ली हाई कोर्ट वकीलों की याचिका पर 6 नवंबर को सुनवाई के लिए बुधवार को सहमत हो गया जिसमें अधिवक्ताओं को कथित तौर पर धमकी देने के लिए निलंबित सहायक पुलिस आयुक्त मनस्वी वशिष्ठ और अन्य पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। सुनवाई के लिए इस मामले का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांब्रे और न्यायाधीश संजय शर्मा की पीठ के जिक्र किया गया।

शुरुआत में वकीलों के एक समूह ने अदालत से इस मुद्दे पर स्वतः संज्ञान लेने का आग्रह किया था। हालांकि, पीठ ने खुद कार्यवाही शुरू करने से इनकार कर दिया और उनसे सभी उपलब्ध साक्ष्यों के साथ एक उचित याचिका दायर करने को कहा था। मंगलवार को वकीलों ने अदालत को बताया था कि अधिवक्ताओं के खिलाफ ‘एके-47 का इस्तेमाल’ और ‘काले कोट के गुंडे’ जैसी टिप्पणियां की गई हैं।

क्या है मामला?

यह विवाद 23 अक्टूबर को शाहदरा पुलिस थाने में हुई एक घटना से शुरू हुआ, जहां कथित तौर पर हाथापाई के दौरान वकील ललित बंसल सिर पर गंभीर चोट लगने से घायल हो गए थे। इसके बाद पुलिस थाने में वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच टकराव हुआ, जिसके चलते जिला अदालत के वकीलों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जिसे बाद में वापस ले लिया गया। दिल्ली पुलिस ने 28 अक्टूबर को गांधी नगर में सहायक पुलिस आयुक्त के पद पर तैनात मनस्वी वशिष्ठ का तबादला महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष पुलिस इकाई में कर दिया। उस समय शाहदरा पुलिस थाने के प्रभारी रहे निरीक्षक अरुण कुमार का तबादला सुरक्षा इकाई में कर दिया गया।

ये तबादले ललित बंसल पर हुए हमले और थाने में हुई झड़प के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ वकीलों की कार्रवाई की मांग के बीच किए गए थे। सोमवार को उस वक्त एक और विवाद खड़ा हो गया, जब वशिष्ठ और दिल्ली पुलिस के कुछ कर्मियों ने इन तबादलों के विरोध में पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। गृह मंत्रालय ने बाद में मनस्वी वशिष्ठ को निलंबित कर दिया।

यह भी पढ़ें- प्रशांत भूषण के खिलाफ FIR दर्ज, रूसी विदेश मंत्री का फर्जी वीडियो शेयर करने का आरोप

दिल्ली पुलिस ने वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण के खिलाफ रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का कथित तौर पर एडिटेड वीडियो शेयर करने के मामले में FIR दर्ज की है। इस वीडियो में लावरोव को भारत के आंतरिक मामलों और रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत की आलोचना करते हुए दिखाया गया था। पढ़ें पूरी खबर